ढाका। तख्ता पलट घटना के बाद हिन्दू मंदिरों पर सिलसिलेवार हमले का क्रम नई सरकार के बनने के बाद भी नहीं थमा है. यह सिलसिला नवरात्रि के दौरान भी नजर आया है। बांग्लादेश पूजा उद्यापन परिषद ने दुर्गा पूजा उत्सव से कुछ दिन पहले मूर्तियों के साथ तोड़फोड़, मंदिरों पर हमलों और ऐसी ही अन्य घटनाओं की कम से कम 34 घटनाओं की जानकारी दी है।

परिषद से जुड़े संतोष शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि तोड़फोड़ की ये घटनाएं सिलहट, राजबाड़ी, पंचगढ़, नेत्रकोणा और तंगैल सहित कई जिलों में सामने आई हैं। परिषद ने यह भी बताया कि सुनामगंज में हिंदू घरों, दुकानों और मंदिरों को निशाना बनाकर हमले किए गए और लूटपाट की गई। उन्होंने कहा कि सुरक्षा का मुद्दा केवल दुर्गा पूजा के पांच दिनों तक सीमित नहीं होना चाहिए। “हमें साल के सभी 365 दिनों के लिए सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी।”

मंदिरों की सुरक्षा के लिए दिशा-निर्देश जारी

परिषद की समिति ने बताया कि उसने अपने जिला और उपजिला-स्तरीय इकाइयों के लिए 22 सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनमें चौबीसों घंटे स्वयंसेवकों की तैनाती, जहां संभव हो वहां सीसीटीवी लगाना, पर्याप्त रोशनी और अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था करना, तथा किसी भी घटना की तुरंत अधिकारियों को सूचना देना शामिल है।

इसके अलावा, संगठन ने ‘हिंदू कल्याण ट्रस्ट’ के लिए आवंटित राशि में 1 करोड़ टका की बढ़ोतरी का स्वागत किया, लेकिन साथ ही ट्रस्ट को एक ‘फाउंडेशन’ में बदलने की अपनी मांग भी दोहराई। संगठन ने धार्मिक अल्पसंख्यकों के लिए साल भर सुरक्षा की मांग की और हमलों के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी से कड़ी सजा देने की अपील की।

परिषद ने अपनी आठ सूत्रीय मांगों को फिर से दोहराया, जिसमें अल्पसंख्यक संरक्षण कानून, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग का गठन और दुर्गा पूजा के अवसर पर तीन दिन की सार्वजनिक छुट्टी शामिल है। वार्षिक उत्सव की शुरुआत पंचमी पर ‘बोधन’ के साथ हुई, जबकि 21 अक्टूबर को विजयादशमी मनाई जाएगी और उसी दिन मूर्तियों का विसर्जन भी होगा।

कई मंदिरों में चोरी

संगठन ने बताया कि फरीदपुर के एक काली मंदिर में चोरी हुई है, और सुनामगंज में हिंदू घरों, दुकानों और मंदिरों पर हमले किए गए तथा लूटपाट की गई। उन्होंने नौगांव में हुई एक डकैती का भी जिक्र किया, जहां हमलावरों ने कथित तौर पर खुफिया एजेंसी के अधिकारियों का रूप धारण कर रखा था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m