बहादुरगढ़। हरियाणा के बहादुरगढ़ में गुप्तचर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो पिछले करीब तीन वर्षों से फर्जी दस्तावेजों के सहारे शहर में रह रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी वर्ष 2019 में पश्चिम बंगाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था और बाद में फर्जी आधार कार्ड बनवाकर अपनी असली पहचान छिपा ली।
जानकारी के अनुसार गुप्तचर विभाग के इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम को आरोपी की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद उस पर लगातार निगरानी रखी गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर टीम ने उसे बहादुरगढ़ से हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान टिंकर, जिला नोराइल (बांग्लादेश) निवासी के रूप में बताई। उसने स्वीकार किया कि उसके माता-पिता आज भी बांग्लादेश में ही रहते हैं।
जांच एजेंसियों ने आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें बांग्लादेश से जुड़े कई चैट, संपर्क नंबर और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड मिले हैं। इन सुरागों के आधार पर एजेंसियां अब उसके संपर्कों और गतिविधियों की गहन जांच कर रही हैं।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने पश्चिम बंगाल के पते पर फर्जी आधार कार्ड बनवाया था। इसी दस्तावेज के आधार पर वह बहादुरगढ़ में रह रहा था और शहर के एक बंगाली दवाखाने में काम कर रहा था।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी के संपर्क किन-किन लोगों से थे, उसे फर्जी दस्तावेज किसने उपलब्ध कराए और उसके भारत में रहने के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था। मामले में विभिन्न एजेंसियां संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं।

