सोहराब आलम/ मोतिहारी। जिले के बंजरिया थाना अंतर्गत सिसवापूर्वी गांव में मंगलवार को मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक विवाहित प्रेमी और प्रेमिका को ग्रामीणों ने एक साथ पकड़ लिया जिसके बाद उन्हें तालिबानी सजा दी गई। आक्रोशित भीड़ ने दोनों का सिर मुंडवाकर जूते-चप्पलों की माला पहनाई और पूरे गांव में उनका जुलूस निकाला।

​आधी रात को घर में घुसा था प्रेमी

​प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला सोमवार देर रात का है। पंचरुखा पूर्वी पंचायत के पकड़िया टोला निवासी एक विवाहित युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर सिसवापूर्वी पहुंचा था। जैसे ही वह घर के अंदर दाखिल हुआ, परिजनों और ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई। लोगों ने तुरंत घर का दरवाजा बंद कर प्रेमी युगल को बंधक बना लिया और उनकी जमकर पिटाई की।

​सरपंच पति की पहल पर बची जान

​अगली सुबह स्थिति और भयावह हो गई। ग्रामीणों ने नाई बुलाकर प्रेमी-प्रेमिका का सिर मुंडवा दिया। इसके बाद अपमानित करने के उद्देश्य से दोनों के गले में जूते-चप्पलों की माला डाल दी गई और पूरे गांव में घुमाया गया। इस पूरी घटना के दौरान गांव में तमाशबीनों की भीड़ लगी रही लेकिन किसी ने उन्हें रोकने का साहस नहीं किया।
​जब स्थिति अनियंत्रित होने लगी और मामला सरपंच पति महेंद्र यादव के दरवाजे तक पहुंचा तो उन्होंने दोनों पक्षों के उग्र व्यवहार को देखते हुए तत्काल डायल 112 को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अपनी सुरक्षा में लेकर थाने ले गई।

​पुलिस की भूमिका पर सवाल

​सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इतनी बड़ी घटना घंटों तक चलती रही लेकिन स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। गांव में हुए इस अमानवीय कृत्य ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बहरहाल पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
​इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। कानून को हाथ में लेने वाले ग्रामीणों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठ रही है। पुलिस अब उन लोगों की पहचान करने में जुटी है जिन्होंने इस पूरे कृत्य को अंजाम दिया।