शिवम मिश्रा, रायपुर। राजधानी रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक बैंक मित्र से दिनदहाड़े दो लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाशों ने पहले मिर्ची पाउडर फेंककर बैंक मित्र को असहाय बनाने की कोशिश की, लेकिन हेलमेट के फेस गार्ड के कारण उनकी योजना नाकाम हो गई। इसके बाद आरोपियों ने बाइक अड़ाकर नकदी से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बैंक से रैकी किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार बिरोदा निवासी पोषण साहू बैंक मित्र का कार्य करता है। सोमवार शाम करीब पांच बजे वह अभनपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से दो लाख रुपये निकालकर अपने गांव लौट रहा था। खोरपा और बिरोदा गांव के बीच स्थित पगडंडी मार्ग पर पहुंचते ही बाइक सवार दो युवक उसका पीछा करते हुए पहुंचे।

बताया जा रहा है कि पीछे बैठे बदमाश ने अचानक पोषण साहू की आंखों की ओर मिर्ची पाउडर फेंका। हालांकि पोषण ने तत्काल हेलमेट का फेस गार्ड नीचे कर लिया, जिससे मिर्ची का असर नहीं हो सका। इसके बाद बदमाशों ने अपनी बाइक उसकी बाइक के सामने अड़ा दी और नकदी से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस को संदेह है कि बदमाशों को पहले से जानकारी थी कि बैंक मित्र बड़ी रकम लेकर निकलने वाला है। इसी वजह से बैंक ऑफ बड़ौदा परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपितों ने बैंक से ही पोषण साहू की रैकी तो नहीं की थी। इसके अलावा वारदात स्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपितों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपितों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

