Business Desk – Bank Holiday Alert July : अगर इस हफ्ते आपको बैंक में जाकर कोई जरूरी काम निपटाना है, तो पहले छुट्टियों का शेड्यूल जरूर देख लें. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार, इस सप्ताह अलग-अलग राज्यों में बैंक लगातार तीन दिन तक बंद रहेंगे.

ऐसे में ड्राफ्ट बनवाने, KYC अपडेट कराने, चेक जमा करने या अन्य शाखा संबंधी काम पहले ही पूरे कर लेना बेहतर रहेगा. हालांकि, बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद ऑनलाइन बैंकिंग, UPI, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग सेवाएं पहले की तरह 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी.

इस हफ्ते कब-कब बंद रहेंगे बैंक?

22 जुलाई (बुधवार): त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में खर्ची पूजा के अवसर पर सभी सरकारी और निजी बैंक बंद रहेंगे.

25 जुलाई (चौथा शनिवार): हर महीने के चौथे शनिवार की तरह इस दिन देशभर के सभी बैंक बंद रहेंगे.

26 जुलाई (रविवार): साप्ताहिक अवकाश के कारण पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे.

इस तरह त्रिपुरा में 22, 25 और 26 जुलाई को कुल तीन दिन बैंक बंद रहेंगे. वहीं देश के बाकी राज्यों में 25 और 26 जुलाई को लगातार दो दिन बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा.

क्या है खर्ची पूजा?

खर्ची पूजा त्रिपुरा का प्रमुख पारंपरिक त्योहार है. यह उत्सव चतुर्दश देवता (14 देवताओं) और धरती माता की पूजा के लिए मनाया जाता है. यह पर्व करीब एक सप्ताह तक चलता है और हर साल आषाढ़ माह की शुक्ल अष्टमी को इसकी शुरुआत होती है. इसी वजह से RBI ने अगरतला में 22 जुलाई को बैंक अवकाश घोषित किया है.

बैंक बंद रहेंगे, लेकिन ये सेवाएं जारी रहेंगी

बैंक शाखाएं बंद होने के बावजूद ग्राहकों को डिजिटल सेवाओं में कोई परेशानी नहीं होगी. UPI, Google Pay, PhonePe, Paytm, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, NEFT, RTGS और IMPS जैसी सुविधाएं सामान्य रूप से 24×7 उपलब्ध रहेंगी. एटीएम से नकदी निकासी की सुविधा भी जारी रहेगी.

अगले हफ्ते क्या है स्थिति?

RBI के अवकाश कैलेंडर के मुताबिक 27 जुलाई से 2 अगस्त के बीच किसी भी राज्य में कोई विशेष या क्षेत्रीय बैंक अवकाश नहीं है. इस दौरान 2 अगस्त (रविवार) को साप्ताहिक छुट्टी रहेगी, जबकि बाकी सभी दिन देशभर में बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे.