राकेश कथूरिया, कैथल। 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित बैंक हड़ताल के दौरान साइबर ठगी की आशंका को देखते हुए कैथल पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने साइबर सुरक्षा एडवाइजरी जारी कर अनजान कॉल, मैसेज, व्हाट्सऐप संदेश और लिंक से सावधान रहने को कहा है।

बैंक हड़ताल का बहाना बनाकर ठगी की आशंका

एसपी ने बताया कि साइबर ठग बैंक हड़ताल का फायदा उठाकर लोगों को फोन कर सकते हैं। ठग बैंकिंग लेनदेन में दिक्कत होने, ऑनलाइन भुगतान अटकने या खाते में पैसा ट्रांसफर नहीं होने का झांसा दे सकते हैं। इसके बाद वे तत्काल किसी लिंक पर क्लिक करने या पैसे ट्रांसफर करने के लिए कह सकते हैं।

पुलिस के मुताबिक, ठग लोगों को डर या जल्दबाजी में लेकर उनके बैंक खाते से पैसे निकालने की कोशिश कर सकते हैं। इसलिए किसी भी बैंकिंग लेनदेन से पहले उसकी खुद पुष्टि करने की सलाह दी गई है।

अनजान लिंक और QR कोड से रहें दूर

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि बैंकिंग से जुड़े किसी अनजान फोन कॉल, मैसेज या व्हाट्सऐप संदेश पर भरोसा न करें। किसी व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें। अनजान व्यक्ति की ओर से भेजे गए लिंक पर क्लिक करने या QR कोड स्कैन करने से भी बचें।

उन्होंने कहा कि बैंकिंग लेनदेन केवल आधिकारिक माध्यम से ही किया जाए। बैंक अधिकारी बनकर आने वाली कॉल पर भी भरोसा नहीं करना चाहिए।

OTP, PIN और CVV किसी से साझा न करें

पुलिस ने लोगों को OTP, ATM PIN, CVV, UPI PIN, पासवर्ड और बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी है। एसपी ने कहा कि बैंक कर्मचारी फोन पर OTP या PIN जैसी गोपनीय जानकारी नहीं मांगते।

ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत

एसपी ने कहा कि साइबर अपराध से बचने के लिए सतर्कता और जागरूकता जरूरी है। अगर कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो उसे तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवानी चाहिए।

उन्होंने लोगों से अपील की कि बैंक हड़ताल के दौरान किसी भी अफवाह, लालच या डर के झांसे में न आएं और साइबर अपराधियों से सावधान रहें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m