MP Morning News: शब्बीर अहमद, भोपाल। तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल स्थगित हो गई है। IBA और UFBU के बीच हड़ताल नोटिस के संबंध में बैठक हुई। जिसके बाद कुछ समझौते हुए और सहमति बनी। कुछ मांगों पर सहमति बनने पर आंदोलन और हड़ताल रद्द कर दिया गया है। आपको बता दें कि फाइव डे वर्किंग की मांग को लेकर हड़ताल होने वाली थी।

CM के आज के कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सोमवार सुबह 10:50 बजे अटल बिहारी सुशासन संस्थान, भोपाल पहुंचेंगे। सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक बैठक में शामिल होंगे। दोपहर 1:50 बजे निवास पहुंचेंगे। दोपहर 1:55 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ‘बलराम कृषि महोत्सव’ में शामिल होंगे। 3:30 बजे मुख्यमंत्री चर्चा करेंगे। शाम 4:05 बजे मुख्यमंत्री की मुलाकात होगी। शाम 7 बजे इंदौर में राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान का अलंकरण समारोह में आयोजित होगा। जिसमें सीएम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। लता मंगेशकर सभागार, आईडीए इंदौर में सम्मान समारोह एवं गीत-संगीत संध्या कार्यक्रम होगा।

चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

इलेक्शन कमीशन के खिलाफ आज भोपाल में कांग्रेस बड़ा प्रदर्शन करेगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा की मांग को लेकर पैदल मार्च निकालेगी। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सुबह 11 बजे कांग्रेस दफ्तर से चुनाव आयोग कार्यालय का घेराव करने निकलेंगे। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत कांग्रेस के बड़े नेता प्रदर्शन में शामिल होंगे।

TET के विरोध में शिक्षकों का धरना जारी

टीईटी के विरोध में शिक्षकों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। भोपाल के नीलम पार्क में शिक्षकों की धरने का आज दूसरा दिन है। आज जबलपुर संभाग के शिक्षक प्रदर्शन में शामिल होंगे। अलग-अलग संभाग के शिक्षक चरणबद्ध तरीके से प्रदर्शन में शामिल होंगे। शिक्षकों की तीन प्रमुख मांगों को लेकर अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा का बेमियाद धरना जारी है।

तीन मांगें

टीईटी से मुक्ति: लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त किया जाए। इसके लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने की मांग।
सेवा गणना: प्रथम नियुक्ति की तारीख से सेवा अवधि गिनी जाए और उसी से वरिष्ठता तय हो।
ई-अटेंडेंस: शिक्षकों के विभागीय और अन्य शासकीय दायित्वों को देखते हुए ई-अटेंडेंस व्यवस्था को स्वैच्छिक किया जाए।

मंदसौर में नकली घी-दूध की फैक्ट्री पर रेड

मंदसौर में नकली घी और दूध की फैक्ट्री पर पुलिस ने छापेमार कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से 85 कट्टे मिल्क पाउडर और 15 लीटर के पाम ऑयल के 7 डिब्बे जब्त किए है। इसके साथ ही 6 यूरिया कट्टे और बना हुआ नकली घी भी बरामद किया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सैंपल लिए और साथ ही फैक्ट्री को सील किया। इस मामले में फैक्ट्री संचालक दो आरोपी फरार है। बताया जा रहा है कि सुवासरा थाना क्षेत्र के खेजड़िया भूप गांव में नकली घी और दूध बनाने की फैक्ट्री महीनों से संचालित हो रही थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m