बांका। जिले के बेलहर प्रखंड अंतर्गत जिलेबियामोड़ थाना क्षेत्र के डुमरहार गांव के समीप एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रविवार शाम को एक महिला का कटा हुआ सिर बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके से खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं लेकिन महिला का धड़ अब भी लापता है।
पिता ने की बेटी की शिनाख्त
मृतका की पहचान रांगा गांव निवासी विकास पंडित की 26 वर्षीय पत्नी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। मृतका के पिता सुखदेव पंडित और भाई मंटू पंडित ने मौके पर पहुंचकर सिर की शिनाख्त की। पिता ने बताया कि रविवार सुबह ही उन्हें बेटी के लापता होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद उन्होंने जिलेबियामोड़ थाने में ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
साक्ष्य मिटाने की साजिश
परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने ही गला काटकर प्रियंका की हत्या की है और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को ठिकाने लगा दिया। मिली जानकारी के अनुसार प्रियंका का सिर करीब डेढ़ फीट जमीन के नीचे दबाया गया था, जिसे आवारा कुत्तों ने नोचकर बाहर निकाल दिया। राहगीरों की नजर पड़ते ही यह भयावह दृश्य सामने आया और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। प्रियंका की तीन छोटी बेटियां हैं जिनमें सबसे छोटी मात्र 9 महीने की है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति विकास पंडित, सास विमला देवी और एक नाबालिग ननद को हिरासत में ले लिया है। ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार हैं जिनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
बेलहर के एसडीपीओ रविंद्र मोहन प्रसाद ने पुष्टि की कि यह प्रथम दृष्टया गला काटकर हत्या का मामला है। उन्होंने बताया कि धड़ की बरामदगी के लिए व्यापक खोजबीन जारी है। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक (एसएफएल) टीम को बुलाया गया है और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्यों को जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस जघन्य वारदात के पीछे का असली मकसद क्या था। फिलहाल पूरे गांव में इस बर्बरतापूर्ण घटना के बाद से मातम और आक्रोश का माहौल है।

