कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। उपचुनाव को लेकर मतदाताओं का अच्छा खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदान करने के लिए सुबह-सुबह ही बड़ी संख्या में लोग बूथ केंद्रों पर पहुंचे हुए हैं और वोट देने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। मतदान केंद्रों के बाहर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
वोट देने पहुंची 90 साल की बुजुर्ग वोटर
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्रों में बुजुर्ग मतदाताओं की भी अच्छी खासी संख्या है। परिवार के सदस्य अपने साथ बुजुर्ग माता-पिता को लेकर भी वोट देने के लिए मतदान केंद्र पर पहुंच रहे हैं। इस बीच एक तस्वीर सामने आई है, जहां व्हील चेयर बैठकर एक 90 साल की महिला वोट डालने के लिए मतदान केंद्र पर पहुंची। परिवार के लोग उन्हें वोट दिलाने के लिए पहुंचे थे।
पुलिस ने मोबाइल लेकर वोट देने पहुंचे लोगों को रोका

शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की गई है। हर बूथ केंद्रोंप पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है, जिससे मतदान के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी सामने नहीं आए। इस बीच कुछ मतदाता मोबाइल लेकर वोट देने के लिए पहुंचे, जिन्हें सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी रोकते हुए नजर आए।
जन सुराज पर फर्जी मतदान कराने का आरोप
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर जारी मतदान के बीच सियासी घमासान भी तेज हो गया है। भाजपा ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं पर फर्जी मतदान कराने की कोशिश का आरोप लगाया है। इस संबंध में भाजपा बिहार के प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक ने निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र लिखकर मतदान के दौरान सख्त सत्यापन की मांग की है। भाजपा ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि जन सुराज पार्टी से जुड़े कुछ प्रतिनिधि और कार्यकर्ता फर्जी वोट डलवाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है। पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए निर्वाचन आयोग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
फर्जी वोट कराने की तैयारी- संजय सरावगी
वहीं, इस मामले पर बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि, जो मतदाता यहां मौजूद नहीं हैं या बाहर हैं, उनके फर्जी मतदाता पत्र बनाकर फर्जी वोट कराने की तैयारी है। हमने प्रशासन को ये लिखित में शिकायत दी है और प्रशासन इस ओर कार्रवाई भी कर रहा है।
वहीं, जन सुराज के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी और प्रशांत किशोर के देर रात जक्कनपुर पुलिस स्टेशन पहुंचने पर संजय सरावगी ने कहा कि, पता नहीं मामला क्या है लेकिन 6 बजे के बाद जब प्रचार बंद हो गया, उसके बाद बाहर के लोग यहां आकर प्रचार कर नहीं सकते। क्या मामला है ये तो वही बताएंगे लेकिन ये सब घबराहट और बौखलाहट में हो रहा है क्योंकि वे लगभग अपनी हार स्वीकार कर चुके हैं।
ये भी पढ़ें- पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी, परिवार को बम से उड़ाने की चेतावनी!


