पटना। बिहार की हॉट सीट बन चुकी बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार शाम 5 बजे चुनाव प्रचार का शोर आधिकारिक रूप से थम गया। प्रचार के आखिरी दो दिनों में सत्ता पक्ष से लेकर विपक्षी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। मंगलवार को चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद अब बुधवार को सभी प्रत्याशी और उनके समर्थक घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क साधेंगे और अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे। चुनाव मैदान में उतरे कुल 25 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 30 तारीख को होने वाला है।
दिग्गजों ने झोंकी ताकत, आखिरी दिन हुआ तूफानी प्रचार
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के अंतिम दौर में सभी राजनीतिक दलों ने मतदाताओं को रिझाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की इस प्रतिष्ठित सीट पर भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में खुद भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सड़कों पर उतरकर भव्य रोड शो किया।
दूसरी ओर, जन सुराज के संस्थापक और प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने अपनी रणनीति बदलते हुए मोहल्ला बैठकों और जनसंवाद पर जोर दिया। वहीं, महागठबंधन की ओर से राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सड़क पर उतरकर जोरदार रोड शो किया और जनता से समर्थन मांगा।
3.79 लाख मतदाता करेंगे 30 जुलाई को फैसला
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में इस उपचुनाव के तहत कुल 3 लाख 79 हजार 616 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन मतदाताओं में:
- पुरुष मतदाता: 2,00,060
- महिला मतदाता: 1,79,533
- थर्ड जेंडर: 23
निर्वाचन आयोग की व्यवस्था के मुताबिक, इस बार कुल 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 247 बूथ सरकारी भवनों में और 175 बूथ निजी भवनों में स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा, दूर-दराज और विशेष सुविधा के लिए 29 चलंत (मोबाइल) मतदान केंद्रों का भी प्रबंध किया गया है।
मैदान में 25 उम्मीदवार, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
इस उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुल 40 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे थे। दस्तावेजों की जांच के बाद 26 नामांकन वैध पाए गए, जिनमें से एक उम्मीदवार ने अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद अब कुल 25 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। क्षेत्र में पारा मिलिट्री की 14 कंपनियों को तैनात किया गया है। साथ ही 28 विशेष चेकिंग प्वाइंट्स बनाकर हर छोटे-बड़े वाहन की सघन जांच की जा रही है। पटना आईजी जितेन्द्र राणा ने सभी पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हुड़दंगियों पर कड़ी नजर रखी जाए। सभी 422 बूथों पर केंद्रीय सशस्त्र बल के जवान तैनात रहेंगे, जबकि जिला पुलिस बल के साथ लगातार फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है ताकि मतदाता बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।


