कुंदन कुमार। पटना के चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के परिणाम का दिन आ चुका है। ए.एन. कॉलेज स्थित मुख्य मतगणना केंद्र और स्ट्रॉन्ग रूम में वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू हो चुकी है। चुनाव परिणामों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी तरह मुस्तैद हैं। मतगणना केंद्र के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन ने बोरिंग रोड को पूरी तरह से बंद कर दिया है।

​31 राउंड में होगी गिनती, जल्द आएंगे शुरुआती रुझान

​निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बांकीपुर विधानसभा की मतगणना कुल 31 राउंड में पूरी की जाएगी। सुबह 8 बजे सबसे पहले पोस्टल बैलेट और बैलेट पेपर का मिलान किया जा रहा है। इसके बाद ठीक 8:30 बजे से ईवीएम (EVM) मशीनों के वोटों की गिनती विधिवत शुरू हो गई है। काउंटिंग हॉल में कुल 15 टेबल लगाए गए हैं, जिनमें से 14 टेबल पर वोटों की गिनती का कार्य तेजी से चल रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि सुबह 9 बजे तक पहला रुझान सामने आ जाएगा और दोपहर 3 बजे तक स्थिति पूरी तरह साफ हो जाएगी।

​मतगणना स्थल पर स्वच्छता और पेयजल के विशेष प्रबंध

​मतगणना केंद्र पर सुव्यवस्थित और स्वच्छ माहौल बनाए रखने के लिए पटना नगर निगम और जिला प्रशासन ने खास इंतजाम किए हैं। ए.एन. कॉलेज परिसर में कुल 36 सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है, जिन्हें दो पालियों (सुबह और शाम) में बांटा गया है। हर शिफ्ट में 18 सफाईकर्मी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद हैं।

  • ​निरीक्षण व्यवस्था: सफाई कार्यों की सतत निगरानी के लिए एक सेनेटरी इंस्पेक्टर को तैनात किया गया है जो हर घंटे स्ट्रॉन्ग रूम और आसपास के परिसरों का निरीक्षण कर रहे हैं।
  • ​परिसर की स्वच्छता: मुख्य हॉल, परिसर और शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जा रही है।
  • ​जल छिड़काव और पेयजल: गर्मी और धूल से राहत के लिए वाटर स्प्रिंकलर से पानी का छिड़काव किया जा रहा है। इसके अलावा आगंतुकों और अधिकारियों के लिए 20-20 लीटर क्षमता वाले पानी के जार और निगम नीर की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।