कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। उपचुनाव को लेकर मतदाताओं का अच्छा खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदान करने के लिए सुबह-सुबह ही बड़ी संख्या में लोग बूथ केंद्रों पर पहुंचे हुए हैं और वोट देने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। मतदान केंद्रों के बाहर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
सीपी ठाकुर ने परिवार संग डाला वोट
बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सीपी ठाकुर भी पूरे परिवार के साथ पटना के डाक बंगला चौराहे राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय में बने बूथ केंद्र पर वोट डालने पहुचें और मतदान किया। मतदान के बाद सीपी ठाकुर ने कहा कि, सुबह-सुबह लोगों को पहले वोट करना चाहिए, उसके बाद जलपान करना चाहिए। साथ ही उन्होंने अपनी पार्टी के जीत का दावा करते हुए कहा कि, बांकीपुर में विकास के काम और तेजी से आगे बढ़ेंगे।
इस दौरान उनके बेटे और मौजूदा राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर भी मौजूद रहें। मतदान के बाद उन्होंने एनडीए उम्मीदवार की जीत पक्की है। कोई कितने भी दावे कर ले, उससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने यह विश्वास जताया कि बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा को भारी जनसमर्थन मिलेगा और वह रिकॉर्ड वोटों से जीत हासिल करेंगे।
बाधा डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई- डीएम
बांकीपुर उपचुनाव को लेकर पटना डीएम कुंदन कुमार ने बताया कि मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने या मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से मतदान प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है। साथ उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
3 लाख से अधिक मतदाता करेंगे वोट
चुनाव आयोग के अनुसार बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 3,79,616 है, जिसमें एक बड़ी संख्या युवा, बुजुर्ग और महिलाओं की है। वोटिंग के लिए 187 भवनों में कुल 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके साथ ही चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में कराने के लिए सुरक्षा के कड़े और व्यापक इंतजाम भी किए गए हैं।
बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव केवल एक चुनाव नहीं, बल्कि इसे बिहार की राजनीति की दिशा और भविष्य तय करने वाला चुनाव माना जा रहा है। चुनाव के लिए भले ही 25 उम्मीदवार मैदान में हो। लेकिन भाजपा, राजद और जन सुराज के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं। जन सुराज से खुद प्रशांत किशोर चुनाव लड़कर इस चुनाव को और भी दिलचस्प बना दिया है।
इन दिग्गजों के बीच मुकाबला
भाजपा (एनडीए) से नीरज सिन्हा
राजद (महागठबंधन) से रेखा गुप्ता
जन सुराज से प्रशांत किशोर
अर्द्धसैनिक बल की 14 कंपनियां तैनात
बांकीपुर उपचुनाव में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की गई है। प्रशासन ने केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की 14 कंपनियां तैनात की हैं। इसके अलावा 9 फ्लाइंग स्क्वॉड, 18 स्टैटिक सर्विलांस टीम, 6 वीडियो सर्विलांस टीम, 3 वीडियो व्यूइंग टीम और 42 सेक्टर पदाधिकारी लगातार निगरानी करेंगे।
ये भी पढ़ें- पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी, परिवार को बम से उड़ाने की चेतावनी!


