Bankipur By-Election Voting: बिहार की चर्चित सीट बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आज 30 जुलाई को सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो चुका है। वोट देने के लिए सुबह-सुबह लोग मतदान केंद्र पर पहुंचने लगे हैं। उपचुनाव के लिए शाम 6 बजे तक मतदान जारी रहेगा। इस दौरान मतदाता बूथ केंद्र पर जाकर अपने मत का प्रयोग कर सकेंगे। आज वोटिंग के साथ ही 25 उम्मीदवारों के किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद हो जाएगा। जिसका फैसला 3 अगस्त को सामने आएगा।

3 लाख से अधिक मतदाता करेंगे वोट

चुनाव आयोग के अनुसार बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 3,79,616 है, जिसमें एक बड़ी संख्या युवा, बुजुर्ग और महिलाओं की है। वोटिंग के लिए 187 भवनों में कुल 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके साथ ही चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में कराने के लिए सुरक्षा के कड़े और व्यापक इंतजाम भी किए गए हैं।

बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहा उपचुनाव केवल एक चुनाव नहीं, बल्कि इसे बिहार की राजनीति की दिशा और भविष्य तय करने वाला चुनाव माना जा रहा है। चुनाव के लिए भले ही 25 उम्मीदवार मैदान में हो। लेकिन भाजपा, राजद और जन सुराज के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं। जन सुराज से खुद प्रशांत किशोर चुनाव लड़कर इस चुनाव को और भी दिलचस्प बना दिया है।

इन दिग्गजों के बीच मुकाबला

भाजपा (एनडीए) से नीरज सिन्हा

राजद (महागठबंधन) से रेखा गुप्ता

जन सुराज से प्रशांत किशोर

अर्द्धसैनिक बल की 14 कंपनियां तैनात

शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की गई है। प्रशासन ने केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की 14 कंपनियां तैनात की हैं। इसके अलावा 9 फ्लाइंग स्क्वॉड, 18 स्टैटिक सर्विलांस टीम, 6 वीडियो सर्विलांस टीम, 3 वीडियो व्यूइंग टीम और 42 सेक्टर पदाधिकारी लगातार निगरानी करेंगे।

रिजर्व में रखी गई हैं EVM और VVPAT मशीनें

मतदान के दौरान किसी भी तकनीकी खराबी से बचने के लिए निर्वाचन आयोग ने अतिरिक्त ईवीएम और वीवीपैट मशीनें रिजर्व रखी हैं, जिससे मशीनों में तकनीकी खराबी आने के बाद मतदान की प्रक्रिया बाधित न हो। ऐसे में अब सबकी निगाहें आज होने वाले मतदान प्रतिशत और 3 अगस्त को आने वाले परिणाम पर टिकी है। देखने वाली बात यह होगी कि क्या नितिन नबीन के जाने के बाद भाजपा अपना किला बचा पाने में कामयाब हो पाती है या नहीं। वहीं, जनता बीजेपी के अलावा महागठबंधन या फिर जन सुराज को मौका देती है या नहीं?

ये भी पढ़ें- पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी, परिवार को बम से उड़ाने की चेतावनी!