Bankipur by-election: बांकीपुर उपचुनाव अब अपने निर्णायक मोड़ पर है। सभी पार्टिया अपने-अपने प्रत्याशी के समर्थन में जी-जान से प्रचार में जुट गई हैं। इस बीच जन सुराज से चुनाव लड़ रहे प्रशांत किशोर ने भोजपुरी अभिनेता और बीजेपी एमएलसी पवन सिंह पर चुटकी लेते हुए तंज कसा है। दरअसल अपने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने लोगों से कहा कि, आप लोग पैसा ले लीजिए, मुर्गा-भात खा लीजिएगा, लेकिन दारू मत पीजिएगा, उसे पवन सिंह के लिए छोड़ दीजिएगा। पीके की यह बात सुनकर सभा में मौजूद लोग ठहाके मार कर हंसने लगे।
शराबबंदी में पवन सिंह का काम कैसे चलेगा?
दरअसल संबोधन के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि, चुनाव के दौरान वोटरों को लुभाने के लिए पैसा, मुर्गा-भात समेत अन्य चीजें बांटी जाएंगी। उन्होंने कहा कि, यदि आप लोगों को कोई उम्मीदवार कुछ देता है, तो उसे आप लोग ले लीजिएगा। लेकिन चुनाव के दिन सोच-समझकर अपने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखकर वोट करिएगा। इस दौरान उन्होंने राज्य में लागू शराब बंदी पर भी तंज कसा और कहा कि, शराबबंदी में पवन सिंह का काम कैसे चल रहा है?
भापजा पर साधा निशाना
इस दौरान प्रशांत किशोर ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा और कहा कि, एक प्रशांत किशोर को हराने के लिए भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक रही है। बांकीपुर में नेताओं, मंत्रियों और सांसदों की फौज उतारनी पड़ी है, जो घर-घर जाकर प्रचार कर रहे हैं। इससे पहले इन लोगों को बांकीपुर की याद नहीं आती थी। उन्होंने इसे बांकीपुर के जनता और मतदाताओं की जीत बताई।
चुनाव चिन्ह स्कूल बैग का किया जिक्र
पीके ने अपने चुनाव चिन्ह का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि, बैलेट पर उनके चुनाव चिन्ह को नौवां स्थान मिला है, जिसे उन्होंने नवरात्र और नवमी के धार्मिक महत्व से जोड़ते हुए शुभ संकेत बताया। प्रशांत किशोर ने लोगों से मतदान के दिन बैलेट पर 9 नंबर पर मौजूद स्कूल बैग के निशान पर बटन दबाकर जन सुराज को मतदान करने की अपील की।
30 जुलाई को होना है मतदान
बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान होने में अब 3 दिन का ही समय शेष बचा है। कल 28 जुलाई की शाम चुनाव के प्रचार प्रसार पर रोक लग जाएगी। वहीं, 30 जुलाई को मतदान होगा। बांकीपुर का उपचुनाव भाजपा, जनसुराज और राजद के बीच त्रिकोणीय होने के आसार हैं। भाजपा से नीरज सिन्हा, जन सुराज से प्रशांत किशोर और राजद से रेखा गुप्ता मैदान में हैं। वहीं, 3 अगस्त को चुनाव का परिणाम सामने आएगा।
ये भी पढ़ें- बिश्नोई गैंग ने पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के बेटे से मांगी 50 लाख की रंगदारी


