कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मतगणना का दसवां दौर पूरा हो चुका है। शुरुआती रुझानों के विपरीत जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराते हुए 6011 वोटों की बढ़त बना ली है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की इस प्रतिष्ठित सीट पर पार्टी को बड़ा झटका लगता दिख रहा है, क्योंकि भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा 14048 मतों के साथ दूसरे स्थान पर चल रहे हैं, जबकि राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता मात्र 3983 वोटों के साथ काफी पीछे पिछड़ चुकी हैं।

कायस्थ बहुल क्षेत्रों में भाजपा को झटका
मतगणना के दौरान यह बात सामने आई है कि पार्टी के गढ़ माने जाने वाले कायस्थ बहुल इलाकों में ही भाजपा 5000 से अधिक वोटों से पीछे हो गई है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, अभी मुस्लिम बहुल क्षेत्रों के मतों की गिनती शुरू होना बाकी है, जिससे परिणामों में और भी बड़े फेरबदल देखने को मिल सकते हैं। इस बीच, प्रशांत किशोर ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में अपनी जीत का दावा करते हुए कहा है कि जनता का फैसला स्पष्ट है और पार्टी कार्यकर्ताओं ने अभी से जश्न मनाना शुरू कर दिया है। सोशल मीडिया पर भी प्रशांत किशोर और जनसुराज पार्टी ट्रेंड कर रही है।
मतगणना की प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था
इस उपचुनाव में कुल 25 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वोटों की गिनती 14 टेबलों पर कुल 31 राउंड में पूरी की जानी है। काउंटिंग सेंटर पर सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मतगणना स्थलों पर ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी रखी जा रही है। दिलचस्प बात यह है कि चुनाव परिणामों के आधिकारिक ऐलान से पहले ही राजनीतिक दलों की सरगर्मी तेज हो गई है जहां एक ओर भाजपा खेमे में जश्न की तैयारियां चल रही हैं, वहीं भाजपा नेता कल्लू द्वारा 200 किलो लड्डू बनवाए जाने की भी चर्चा है।
कम मतदान ने बढ़ाई राजनीतिक दलों की धड़कनें
बांकीपुर सीट के लिए गत 30 जुलाई को मतदान संपन्न हुआ था, जिसमें महज 34.30 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। यह आंकड़ा वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में हुए 41.39 प्रतिशत मतदान की तुलना में लगभग 7 प्रतिशत कम है। शहरी क्षेत्र होने और उपचुनाव की प्रकृति के चलते कम मतदान हुआ, लेकिन इस कम मतदान ने सभी प्रमुख राजनीतिक दलों की बेचैनी बढ़ा दी है।
- भारतीय जनता पार्टी (BJP): इसे अपने पारंपरिक मतदाताओं की उदासीनता और कम भागीदारी के रूप में देख रही है।
- जनसुराज पार्टी: इसे व्यवस्था परिवर्तन के पक्ष में एक शांत और सोची-समझी वोटिंग का संकेत मान रही है।
- राष्ट्रीय जनता दल (RJD): का मानना है कि उसके कैडर और समर्थक मतदाता पूरी एकजुटता के साथ मतदान केंद्रों तक पहुंचे हैं।
- अब देखना यह होगा कि बाकी बचे 21 राउंड की गिनती में ऊंट किस करवट बैठता है और बांकीपुर की जनता का असलीताज किसके सिर पर सजता है।


