कुंदन कुमार, पटना। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के दौरान मतदान प्रक्रिया संपन्न हो गई है। शाम 5 बजे तक इस सीट पर 33.60% मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले विधानसभा चुनाव 2025 की तुलना में करीब 12% कम है। वर्ष 2025 के चुनाव में बांकीपुर में 45.91% वोटिंग हुई थी। मतदान के दौरान कई इलाकों में तनाव, झड़पें और राजनीतिक बयानबाजी देखने को मिली।
मतदान के दौरान झड़प और विवाद
आनंदपुरी इलाके में जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) के सामने जनसुराज और बीजेपी समर्थकों के बीच तीखी नोकझोक और झड़प हो गई। प्रशांत किशोर ने खुद दखल देकर मामले को शांत कराया। पीके ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके कार्यकर्ताओं और पोलिंग एजेंटों को परेशान कर रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि लोगों को डराया जा रहा है और जनसुराज के हेल्प डेस्क को हटाया जा रहा है।
इसके अलावा, किदवईपुरी में भी पुलिस के सामने बीजेपी और जनसुराज के समर्थक आपस में भिड़ गए। जनसुराज कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा के पूर्व प्रत्याशी बंटी बूथ पर दबंगई कर रहे हैं और मतदाताओं को वोट डालने से रोक रहे हैं। पीएनटी कॉलोनी में भी पीके के समर्थकों ने हंगामा किया और आरोप लगाया कि बूथ के अंदर कुछ लोग मतदाताओं पर भाजपा के पक्ष में वोट डालने का दबाव बना रहे हैं।
भाजपा और अन्य दलों के आरोप-प्रत्यारोप
दूसरी ओर, भाजपा ने जनसुराज पर फर्जी वोट डालने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर भाजपा के राज्य महासचिव नितिन अभिषेक ने रिटर्निंग ऑफिसर को पत्र लिखकर बांकीपुर उपचुनाव में वोटरों के वेरिफिकेशन को पूरी सख्ती से लागू करने की मांग की।
इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा के नीरज सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता और जनसुराज के प्रशांत किशोर के बीच माना जा रहा है। मतदान के दौरान खेतान मार्केट के पास चेकिंग के दौरान 1 लाख 17 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए।
दिग्गजों के बड़े दावे और बयान
राजद नेता तेजस्वी यादव ने दावा किया कि 3 अगस्त को लालटेन खिलेगा। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता ने राजद प्रत्याशी रेखा कुमारी गुप्ता के पक्ष में मतदान किया है और समाज के हर वर्ग व जाति के लोगों ने उन्हें अपना समर्थन दिया है।
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने दिल्ली से पटना आकर अपना मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान उन्होंने प्रशांत किशोर पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि वे मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखते रहते हैं। ललन सिंह ने कहा कि बिहार की धरती ऐसे लोगों को कभी स्वीकार नहीं करती जो सिर्फ हवाई बातें करते हैं, और इस उपचुनाव में उनकी कोई भी संभावना नहीं है।


