पटना। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के बीच सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। बीजेपी द्वारा अचानक अपना उम्मीदवार बदलने के बाद कांग्रेस और आरजेडी ने मोर्चा खोल दिया है। इस पर अब बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
क्या है पूरा विवाद?
बीजेपी ने गुरुवार (09 जुलाई) को अभिषेक कुमार ‘बंटी’ को प्रत्याशी बनाया था, जिन्होंने अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया था। लेकिन अगले ही दिन, शुक्रवार (10 जुलाई) को उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए नामांकन वापस ले लिया। इस बदलाव पर कांग्रेस ने हमला बोलते हुए दावा किया कि अभिषेक के माता-पिता का चारा घोटाला में शामिल होने और सजा मिलने के कारण बीजेपी ने छवि बचाने के लिए यह निर्णय लिया है।
आरजेडी का बायोडाटा पर सवाल
विपक्ष यहीं नहीं रुका। आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने बीजेपी के नए उम्मीदवार नीरज सिन्हा के बायोडाटा को लेकर विवाद खड़ा कर दिया है। तिवारी ने आरोप लगाया कि रिकॉर्ड के अनुसार नीरज का जन्म 1994 में हुआ है, जबकि उन्होंने 2006 में बीजेपी ज्वाइन की थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा क्या 12 साल के बच्चे को बीजेपी सदस्यता देती है?
यह कैसा खेल चल रहा है?
बीजेपी ने विपक्ष को बताया हताश
विपक्ष के इन हमलों पर संजय सरावगी ने पलटवार करते हुए कहा कि अभिषेक कुमार ने निजी कारणों से खुद चुनाव से हटने का फैसला किया है। नीरज सिन्हा के विवादित बायोडाटा पर सरावगी ने स्पष्ट किया कि 13 जुलाई को जब वे अपना नामांकन दाखिल करेंगे तब सभी दस्तावेज सार्वजनिक हो जाएंगे। सरावगी ने साफ कहा बीजेपी की भारी जीत तय है इसी से विपक्ष में बेचैनी है और वे अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं।
क्या है चुनावी कार्यक्रम?
बांकीपुर सीट पर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा और 3 अगस्त को नतीजे घोषित किए जाएंगे। बीजेपी जहां अपनी जीत के प्रति आश्वस्त है वहीं विपक्ष इन मुद्दों के जरिए जनता के बीच अपनी पैठ बनाने की कोशिश कर रहा है।

