कुंदन कुमार/​पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। भाजपा द्वारा नीरज कुमार सिन्हा को अपना नया उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद से विपक्षी दल राजद ने भाजपा को निशाने पर ले लिया है। राजद ने इसे भाजपा की अंदरूनी खींचतान करार दिया है।

​नितिन नवीन को ठिकाने लगाने की साजिश

​राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने तीखे लहजे में कहा कि भाजपा में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के रणनीतिकार अब नितिन नवीन को पार्टी के भीतर ही ‘ठिकाने लगाने’ की साजिश रच रहे हैं। शक्ति यादव ने इसे भाजपा बनाम भाजपा की लड़ाई बताते हुए कहा कि विपक्षी खेमे में घबराहट साफ देखी जा सकती है। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर में राजद उम्मीदवार की स्थिति बेहद मजबूत है और जीत सुनिश्चित है।

​नीतीश मिश्रा पर भी सवाल, फिर चुप्पी क्यों?

​राजद प्रवक्ता ने भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नीरज कुमार सिन्हा पर जो आरोप लगाए जा रहे हैं, उन पर भाजपा के नेता मौन क्यों हैं? शक्ति यादव ने तंज कसते हुए कहा, अगर नैतिकता की बात है, तो सरकार नीतीश मिश्रा पर लग रहे आरोपों पर चुप क्यों है? रिशुश्री मामले में कई लोगों के नाम सामने आए हैं, फिर भी सरकार कार्रवाई करने से क्यों बच रही है? क्या भाजपा के लिए नियम अलग और दूसरों के लिए अलग हैं?
​राजद ने स्पष्ट कर दिया है कि वह इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाकर भाजपा की ‘आंतरिक राजनीति’ और ‘दोहरा चरित्र’ उजागर करेगी। वहीं, भाजपा की ओर से इस दावे पर अभी कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन स्थानीय राजनीति में इस बयानबाजी ने उपचुनाव की सरगर्मी को चरम पर पहुंचा दिया है।