कुंदन कुमार, पटना। बिहार की प्रतिष्ठित बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में मतदान की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। इस बार के उपचुनाव में मतदाताओं का उत्साह फीका नजर आया और कुल 34.30% मतदान दर्ज किया गया। यह आंकड़ा साल 2025 के विधानसभा चुनाव (41.39%) के मुकाबले करीब 7 प्रतिशत कम है। यह सीट भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रभाव वाली मानी जाती है, जिस कारण इस उपचुनाव पर पूरे राज्य की निगाहें टिकी हुई हैं। कम मतदान प्रतिशत ने राजनीतिक दलों की धड़कनों को बढ़ा दिया है।
आनंदपुरी और किदवईपुरी में जनसुराज और भाजपा समर्थक आमने-सामने
मतदान के दौरान बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के कई बूथों पर तनाव का माहौल देखने को मिला। आनंदपुरी इलाके में जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) के सामने ही जनसुराज और भाजपा के समर्थक आपस में भिड़ गए। स्थिति को बिगड़ता देख प्रशांत किशोर ने खुद हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों के बीच पहुंचकर मामला शांत कराया।
प्रशांत किशोर ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस उनके कार्यकर्ताओं और पोलिंग एजेंटों को बेवजह परेशान कर रही है। आम मतदाताओं को डराया-धमकाया जा रहा है तथा जनसुराज के हेल्प डेस्क को जबरन हटाया जा रहा है।
इसी तरह किदवईपुरी इलाके में भी पुलिस की मौजूदगी में भाजपा और जनसुराज के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए और उनके बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। जनसुराज के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा के पूर्व प्रत्याशी बंटी बूथ पर अपनी दबंगई दिखा रहे हैं और मतदाताओं को वोट डालने से रोक रहे हैं। इसके अलावा PNT कॉलोनी में भी प्रशांत किशोर के समर्थकों ने जोरदार हंगामा किया। उनका आरोप था कि बूथ के अंदर कुछ लोग मतदाताओं पर भाजपा के पक्ष में मतदान करने का दबाव बना रहे हैं, इसलिए पुलिस को ऐसे लोगों को तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए।
खेतान मार्केट के पास से कैश बरामद और फर्जी मतदान का आरोप
चुनावी सरगर्मी के बीच खेतान मार्केट के पास मतदान प्रक्रिया के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1 लाख 17 हजार रुपये नकद बरामद किए, जिससे सनसनी फैल गई।
दूसरी, तरफ भारतीय जनता पार्टी ने जनसुराज पार्टी पर गंभीर पलटवार किया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि जनसुराज के लोग बूथों पर फर्जी वोट डालने की कोशिश कर रहे हैं। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा के राज्य महासचिव नितिन अभिषेक ने बांकीपुर उपचुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर को एक औपचारिक पत्र लिखा है। पत्र के माध्यम से उन्होंने मांग की है कि मतदान केंद्रों पर वोटरों के वेरिफिकेशन (सत्यापन) की प्रक्रिया को बेहद सख्ती से लागू किया जाए ताकि किसी भी तरह की धांधली को रोका जा सके।
पुलिस ने जनसुराज के कार्यकर्ता को हिरासत में लिया
मतदान के दौरान पटना वीमेंस कॉलेज के बाहर उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जब पुलिस ने जनसुराज के एक कार्यकर्ता रवि नारायण को हिरासत (डिटेन) में ले लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, कॉलेज के मतदान केंद्र पर एक महिला कथित तौर पर दोबारा वोट डालने के लिए पहुंची थी। जनसुराज कार्यकर्ता रवि नारायण ने जब उस महिला को पहचान लिया और इसका विरोध करते हुए पुलिस से उसकी शिकायत की, तो आरोप है कि पुलिस ने उस महिला को रोकने के बजाय नजरअंदाज कर दिया। इसी बात पर रवि नारायण और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस हो गई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और अपने साथ थाने ले गई।
त्रिकोणीय मुकाबला
बांकीपुर उपचुनाव में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प और कड़ा बना हुआ है। इस सीट पर मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार नीरज सिन्हा, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता और जनसुराज पार्टी के संयोजक प्रशांत किशोर के बीच माना जा रहा है। अब देखने वाली बात यह होगी कि इस कम मतदान प्रतिशत का फायदा किस राजनीतिक दल को मिलता है और बांकीपुर की जनता किसके सिर जीत का सेहरा सजाती है।


