Business Desk :- सप्ताह में 5 कार्य दिवस की मांग को लेकर बैंक कर्मचारी 28 सितंबर 2026 से 3 दिन की हड़ताल पर जा रहे हैं। हड़ताल के दौरान बैंकिंग से जुड़े कई काम प्रभावित हो सकते हैं।

ऐसे में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने अपने ग्राहकों को ग्राहक सेवा केंद्रों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। बैंक के मुताबिक, बैंक शाखाएं बंद रहने के दौरान भी ग्राहक सेवा केंद्र पर कई जरूरी बैंकिंग काम किए जा सकते हैं।

SBI Customer Service Centre पर ये 7 काम होंगे

SBI की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, ग्राहक सेवा केंद्र पर अकाउंट खोलने की सुविधा उपलब्ध है। यानी बैंक शाखा बंद होने की स्थिति में नया खाता खुलवाने के लिए ग्राहक इन केंद्रों का इस्तेमाल कर सकते हैं।

ग्राहक सेवा केंद्र पर पैसे जमा करने और निकालने की सुविधा भी मिलती है। इसके अलावा ग्राहक अपने खाते का बैलेंस चेक कर सकते हैं और बैंकिंग से जुड़ी जरूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं। फंड ट्रांसफर और बैंक स्टेटमेंट से संबंधित सेवाएं भी यहां उपलब्ध हो सकती हैं।

पासबुक अपडेट भी ग्राहक सेवा केंद्र पर कराया जा सकता है। ग्राहक पासबुक में एंट्री कराने के साथ खाते से जुड़ी जानकारी भी चेक कर सकते हैं।

इसके अलावा डेबिट कार्ड से जुड़ी सेवाओं के लिए भी ग्राहक सेवा केंद्र का इस्तेमाल किया जा सकता है। यदि किसी व्यक्ति को किसी दूसरे खाते में फंड ट्रांसफर करना है तो यह सुविधा भी ग्राहक सेवा केंद्र के माध्यम से उपलब्ध है।

बिल पेमेंट से जुड़े काम भी ग्राहक सेवा केंद्र पर किए जा सकते हैं। यानी बिजली, पानी या अन्य भुगतान से जुड़े जरूरी काम के लिए बैंक शाखा खुलने का इंतजार जरूरी नहीं होगा।

मोबाइल और इंटरनेट बैंकिंग से भी कर सकेंगे काम

बैंक हड़ताल के दौरान ग्राहक मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग का इस्तेमाल कर सकते हैं। ऑनलाइन बैंकिंग के जरिए फंड ट्रांसफर, बिल भुगतान, बैलेंस चेक और कई अन्य सेवाएं घर बैठे पूरी की जा सकती हैं।

इसके अलावा ATM के जरिए कैश निकालने के साथ कुछ मशीनों पर कैश जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध रहती है। हालांकि, ATM और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल संबंधित बैंक की उपलब्ध सुविधाओं और तकनीकी स्थिति पर निर्भर करेगा।

बैंक हड़ताल के दौरान शाखाओं में काम प्रभावित होने की स्थिति में ग्राहकों के लिए SBI Customer Service Centre, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और ATM वैकल्पिक माध्यम हो सकते हैं।