सोमवार से बुधवार तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल से पहले दिल्ली में रविवार को बैंक शाखाएं सामान्य रूप से खुली रहीं। आमतौर पर रविवार को बैंक बंद रहते हैं, लेकिन हड़ताल के मद्देनजर लोगों को जरूरी बैंकिंग काम निपटाने का मौका देने के लिए रविवार को शाखाएं खोलने का फैसला किया गया।
तीन दिन की बैंक हड़ताल से पहले RBI की पहल
बैंक कर्मचारियों के संगठनों ने सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग कार्य, समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार से बुधवार तक तीन दिन की हड़ताल का आह्वान किया है। हड़ताल के संभावित असर को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से रविवार को बैंक शाखाएं खोलने का निर्देश दिया गया, ताकि ग्राहक जरूरी लेनदेन और अन्य बैंकिंग कार्य पहले ही पूरे कर सकें।
इंटरनेट बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल से कम रही भीड़
रविवार को बैंक खुले होने के बावजूद दिल्ली की अधिकांश शाखाओं में ग्राहकों की भीड़ अपेक्षाकृत कम देखने को मिली। बैंक कर्मचारियों के मुताबिक, बैंकिंग सेवाओं का बड़ा हिस्सा अब इंटरनेट बैंकिंग और डिजिटल सिस्टम के जरिए संचालित होता है। ऐसे में ग्राहकों की शाखाओं पर निर्भरता पहले की तुलना में कम हुई है। इसके अलावा रविवार होने के कारण बड़ी संख्या में लोग अवकाश पर रहे, जिसका असर बैंक शाखाओं में ग्राहकों की संख्या पर भी दिखाई दिया।
पुरानी दिल्ली और मंत्रालय क्षेत्रों में बेहद कम कामकाज
पुरानी दिल्ली के थोक बाजारों और लुटियंस दिल्ली के मंत्रालय क्षेत्रों में रविवार को बैंकिंग गतिविधियां काफी सीमित रहीं। बैंक कर्मचारियों के अनुसार, इन इलाकों में सामान्य दिनों की तुलना में बैंकिंग कामकाज केवल दो से पांच प्रतिशत के आसपास रहा। इसकी प्रमुख वजह बाजारों और मंत्रालयों में रविवार का अवकाश होना बताया गया। तीन दिन की प्रस्तावित बैंक हड़ताल के कारण ग्राहकों को सलाह दी जा रही है कि वे जरूरी बैंकिंग कार्य पहले ही निपटा लें और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का उपयोग करें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


