रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जुड़े बड़गाई जमीन घोटाला मामले में बुधवार को झारखंड हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान हेमंत सोरेन की ओर से दाखिल दो आपराधिक याचिकाओं पर अदालत में पक्ष रखा गया। हालांकि, ईडी की ओर से दाखिल जवाब पर प्रति उत्तर (रिज्वाइंडर) दाखिल करने के लिए हेमंत सोरेन के अधिवक्ताओं ने अदालत से समय मांगा।अदालत ने दोनों याचिकाओं पर सुनवाई के लिए अगली तारीख 2 दिसंबर निर्धारित की है।

ईडी कोर्ट के दो आदेशों को दी गई है चुनौती

दरअसल, हेमंत सोरेन ने ईडी की विशेष अदालत के दो अलग-अलग आदेशों को झारखंड हाई कोर्ट में चुनौती दी है। पहली याचिका में ईडी कोर्ट की ओर से उनकी डिस्चार्ज पिटीशन खारिज किए जाने के आदेश को चुनौती दी गई है। वहीं, दूसरी याचिका में अभियोजन स्वीकृति के बिना संज्ञान लेने के आदेश को चुनौती दी गई है। अब इन दोनों मामलों में अगली सुनवाई 2 दिसंबर को होगी।