पटना। जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित प्रसिद्ध उमानाथ मंदिर परिसर में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब बच्चा चोरी के आरोप में भीड़ ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया। उग्र भीड़ ने न केवल आरोपी की जमकर धुनाई की, बल्कि बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम और उनके वाहन को भी निशाना बनाया।
संदेह और पकड़े जाने की कहानी
घटना की शुरुआत तब हुई जब मंदिर के पास एक स्थानीय युवक ने देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति मोहल्ले के एक छोटे बच्चे का हाथ पकड़कर उसे कहीं ले जा रहा है। शक होने पर जब युवक ने टोका, तो आरोपी ने बहाना बनाया कि वह बच्चे को चॉकलेट दिलाने और उसके पिता के पास ले जाने की बात कह रहा था। हालांकि, उसकी संदिग्ध बातों से स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया।
कमरे में बंद कर बचाई जान
जैसे ही बच्चा चोर की खबर फैली, सैकड़ों की तादाद में लोग वहां इकट्ठा हो गए। उत्तेजित भीड़ ने व्यक्ति पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। स्थिति को बिगड़ता देख कुछ समझदार लोगों ने उसकी जान बचाने के उद्देश्य से उसे पास के एक कमरे में बंद कर दिया और तुरंत 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और भीड़ के बीच झड़प
पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची और आरोपी को निकालकर गाड़ी में बिठाने लगी, तो भीड़ एक बार फिर बेकाबू हो गई। लोगों ने पुलिस के सुरक्षा घेरे को तोड़कर आरोपी पर हमला किया। इस दौरान पुलिस की गाड़ी पर भी पथराव और हमला किया गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस आरोपी को भीड़ के चंगुल से निकालकर थाने ले जाने में सफल रही।
जांच में जुटी पुलिस
पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम बमभोले और घर बख्तियारपुर का बाहापर बताया है। बाढ़ थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी के पते और पहचान का सत्यापन किया जा रहा है। संबंधित थाना क्षेत्र से संपर्क कर उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी ली जा रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


