चंडीगढ़। पंजाब की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। शिरोमणि अकाली दल (पुनर्जीवित) के वरिष्ठ नेता बरजिंदर सिंह मक्खन ने शनिवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। मक्खन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए अपने इस फैसले का ऐलान किया। बरजिंदर सिंह मक्खन, पंजाब के पूर्व मंत्री स्वर्गीय तोता सिंह के पुत्र हैं। उनके इस इस्तीफे ने राजनीतिक हलकों में चर्चा छेड़ दी है।
पार्टी नेतृत्व और एजेंसियों पर मिलीभगत का आरोप
इस्तीफे के साथ ही बरजिंदर सिंह ने पार्टी अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह और दाखा के विधायक मनप्रीत सिंह इयाली पर तीखे हमले किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये नेता सिख समुदाय को गुमराह कर रहे हैं और एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। मक्खन ने दावा किया कि शिरोमणि अकाली दल (पुनर्जीवित) की स्थापना अकाल तख्त साहिब के नाम पर सांप्रदायिक भावनाओं को भड़काकर की गई थी। उन्होंने कहा कि समय के साथ उन्हें इस पूरी ‘साजिश’ का अहसास हुआ।

मनप्रीत सिंह इयाली और ज्ञानी हरप्रीत सिंह पर निशाना
बरजिंदर सिंह ने मनप्रीत सिंह इयाली पर आरोप लगाते हुए कहा कि इयाली ने उनके पंथक परिवार के रसूख का फायदा उठाकर उन्हें पार्टी में शामिल होने के लिए लुभाया। जब भी पंथ और पंजाब के हितों की बात आती है, इयाली चुप रहते हैं। वे केवल शिरोमणि अकाली दल के खिलाफ बोलते हैं, सरकार के खिलाफ कभी नहीं। पार्टी अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह पर आरोप लगाते हुए मक्खन ने कहा कि वे तभी बोलते हैं जब उन्हें दिल्ली से संकेत मिलते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अकाल तख्त का इस्तेमाल शिरोमणि अकाली दल को कमजोर करने और तबाह करने के लिए किया जा रहा है।
पश्चाताप और इयाली की प्रतिक्रिया
बरजिंदर सिंह ने कहा कि उनकी अंतरात्मा अब उन्हें समुदाय से यह सच छिपाने की अनुमति नहीं देती। उन्होंने इस दल में शामिल होने पर अफसोस जताया और इसे मूल शिरोमणि अकाली दल को कमजोर करने के उद्देश्य से बनी पार्टी करार दिया। दूसरी ओर, इन गंभीर आरोपों पर पलटवार करते हुए मनप्रीत सिंह इयाली ने कहा कि राजनीति में आरोप लगाना सबसे आसान काम है, जबकि सत्य के मार्ग पर अडिग रहना सबसे कठिन है।
- MP में कोचिंग सेंटर्स के लिए बदले नियम, 90 दिन में रजिस्ट्रेशन जरूरी; शिक्षकों की योग्यता भी करनी होगी सार्वजनिक
- स्कूल में प्रिंसिपल की प्रताड़ना से छात्रों का फूटा गुस्साः टॉयलेट साफ कराने और गिट्टी पर घुटने टिकवाने के गंभीर आरोप, पुलिस में शिकायत
- मौत का ट्रैकः वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवक की उखड़ी सांसें, मंजर देख दहल उठे लोग
- Census 2027: 16 नवंबर से घर बैठे करें जनगणना, 40 सवालों के देने होंगे जवाब
- आज पटना पहुंचेंगे मल्लिकार्जुन खड़गे, श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर होंगे शामिल

