बरनाला. दो दिन पहले आम आदमी पार्टी का साथ छोड़ भाजपा में शामिल हुए राजेंद्र गुप्ता की फैक्ट्री में एक संदिग्ध ड्रोन मिलने से खलबली मच गई है. यह घटना ट्राइडेंट ग्रुप के धौला प्लांट में मंगलवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुई. इस घटना ने न केवल प्लांट प्रबंधन को चौकन्ना कर दिया बल्कि जिला पुलिस भी तत्काल हरकत में आ गई.

सुबह की है घटना

जानकारी मिली है कि मंगलवार सुबह लगभग 5:30 बजे ट्राइडेंट ग्रुप के धौला प्लांट की पेपर डिवीजन के वुड फाइबर लाइन क्षेत्र में कर्मचारी अपनी नियमित ड्यूटी कर रहे थे. इसी दौरान अचानक उनकी नजर आसमान से नीचे गिरती एक अनजान वस्तु पर पड़ी. कर्मचारियों ने इसकी जानकारी अपने शिफ्ट इंचार्ज को दी.शिफ्ट इंचार्ज ने प्लांट के एडमिन हेड रूपिंदर गुप्ता ने तुरंत मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम को दी. डीएसपी तपा जसकरण सिंह और थाना रूड़ेके के प्रभारी इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह सहित साइबर क्राइम की विशेष टीम जांच में जुट गई हैं.

जांच के लिए गया ड्रोन

साइबर सेल के विशेषज्ञ नवजोत चाहल और जसवंत सिंह ने मौके पर पहुंचकर ड्रोन की बारीकी से तकनीकी जांच की. विशेषज्ञों ने ड्रोन को ध्यान से परखा और इससे जुड़े तमाम पहलुओं की जानकारी जुटाई. जांच टीम ने आसपास के क्षेत्र का भी मुआयना किया ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह ड्रोन कहां से आया, किसने उड़ाया और इसका उद्देश्य क्या था. प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था की भी गहनता से समीक्षा की गई. वहीं दूसरी ओर जिला पुलिस प्रमुख मोहम्मद सरफराज आलम ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि पहली नजर में यह ड्रोन चाइनीज निर्मित प्रतीत होता है.

उन्होंने कहा कि इस किस्म के साधारण ड्रोन आमतौर पर अमेजॉन जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर दो से तीन हजार रुपये में आसानी से उपलब्ध होते हैं. उन्होंने बताया कि इस ड्रोन को ड्रोन फॉरेंसिक लैब में भेजा जाएगा जहां इसकी विस्तृत तकनीकी जांच होगी. फॉरेंसिक जांच से यह स्पष्ट हो सकेगा कि ड्रोन में कैमरा या कोई अन्य उपकरण लगा था या नहीं और इसे किस उद्देश्य के लिए उड़ाया जा रहा था.