चंडीगढ़: पंजाब के बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। बढ़ते विवाद और विभिन्न आयोगों के हस्तक्षेप के बाद पंजाब सरकार ने कड़ी कार्रवाई करते हुए बरनाला के डीएसपी सतवीर सिंह को निलंबित कर दिया है। घटना के बाद सरकार और पुलिस दोनों को विपक्ष के साथ-साथ कई संगठनों की आलोचना का सामना करना पड़ रहा था।
विरोध प्रदर्शन के दौरान बढ़ा विवाद
यह पूरा घटनाक्रम बुधवार को उस समय शुरू हुआ, जब जिला प्रशासन और नगर निगम ने शहर में जमा कचरा हटाने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया। इसी दौरान प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों और पुलिस के बीच टकराव हो गया। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने अभियान में बाधा डालने की कोशिश की और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों पर पत्थर तथा कचरे से भरी थैलियां फेंकीं।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए बल प्रयोग किया। पुलिस के अनुसार इस दौरान चार कर्मचारी घायल हुए, जबकि सफाई कर्मचारियों का कहना है कि लाठीचार्ज में उनके कई साथी जख्मी हुए हैं।
डीजीपी ने जारी किए निलंबन के आदेश
पटियाला रेंज से मिली रिपोर्ट के आधार पर पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) ने डीएसपी सतवीर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए। यह कार्रवाई पंजाब पुलिस (सजा एवं अपील) नियम, 1970 के नियम 4(1)(a) के तहत की गई है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय चौथी कमांडो बटालियन, एसएएस नगर निर्धारित किया गया है।
विपक्ष और आयोगों ने उठाए सवाल
घटना के बाद विपक्षी दलों ने आम आदमी पार्टी सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यकता से अधिक बल प्रयोग किया गया। वहीं, पंजाब राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष चंदन ग्रेवाल ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने जानकारी दी कि इस प्रकरण में बरनाला के एसएचओ का तबादला भी कर दिया गया है।
ग्रेवाल ने कहा कि राज्य सरकार सफाई कर्मचारियों के अधिकारों, सम्मान और कल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उधर, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग (NCSK) ने भी इस पूरे मामले पर संज्ञान लेकर रिपोर्ट तलब की है।
- इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर मंडराया खतरा! कई स्कूलों को मेल भेजकर शो में बम ब्लास्ट करने की धमकी; पुलिस महकमे में हड़कंप
- ओडिशा विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ाया रेलवे प्रोजेक्ट का अधिकारी
- रिम्स में निदेशक की कुर्सी खाली: डॉ. डीके सिन्हा के रिटायरमेंट के बाद भी नए प्रभारी की नियुक्ति नहीं, प्रशासनिक नेतृत्व पर असमंजस
- बराड़ा के स्कूल में 170 बच्चों की हुई आंखों की जांच, डॉक्टरों ने दिए जरूरी सुझाव
- धनबाद में बारामुड़ी के खटाल संचालकों को छठ तक राहत, 19 नवंबर को होगी अगली सुनवाई, जमीन खाली कराने पर बढ़ा विवाद

