समीर शेख, बड़वानी/पानसेमल। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले से प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़े फर्जीवाड़े और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। जनपद पंचायत पानसेमल अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत ओसवाड़ा और मतराला के ग्रामीणों ने योजना की राशि में बड़ी धांधली का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ितों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें: पिता पर हत्या का दाग, बेटे पर पॉक्सो का शिकंजा, पवित्र प्रधान का बेटा हितेश गिरफ्तार, अपराध की ‘विरासत’ पर उठे गंभीर सवाल
अफसरों की मिलीभगत से गबन का आरोप
सीईओ को सौंपे गए आवेदन में हितग्राहियों ने आरोप लगाया है कि पंचायत और जनपद स्तर के कुछ अधिकारियों व कर्मचारियों की मिलीभगत से उनके नाम पर स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि फर्जी तरीके से निकाल ली गई है। पीड़ित ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें अब तक आवास का कोई लाभ नहीं मिला जबकि कागजों और पोर्टल पर उनके नाम से राशि जारी होना दिखाया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि जांच कर उनके हिस्से का पैसा शीघ्र उनके बैंक खातों में जमा कराया जाए।
आवास मिला नहीं, राशि गायब, सामाजिक कार्यकर्ता ने खोले राज
मामले में सामाजिक कार्यकर्ता हीरा ठाकुर ने बताया कि ओसवाड़ा और मतराला के कई पात्र हितग्राही आज भी अपने पक्के मकान का इंतजार कर रहे हैं। जब उन्होंने जानकारी जुटाई तो पता चला कि उनके नाम पर फर्जी तरीके से किश्तें निकाली जा चुकी हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गहनता से जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए।
ये भी पढ़ें: Datia Inside Story: नरोत्तम के अपने बूथ पर हारी BJP! जानिए दतिया में कमल न खिलने का पूरा गणित
4 अगस्त तक अल्टीमेटम, पैदल कलेक्टर कार्यालय जाएंगे हितग्राही
प्रशासनिक रवैये से नाराज हितग्राहियों ने शासन-प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 4 अगस्त 2026 तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे सभी पैदल यात्रा निकालकर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे और उग्र प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपेंगे। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि यदि आंदोलन के दौरान कोई अप्रिय स्थिति निर्मित होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


