समीर शेख, बड़वानी। मध्य प्रदेश की बड़वानी पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ‘ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक’ के तहत करीब 1 करोड़ से ज्यादा कीमत की अवैध गांजे की फसल जब्त की गई है। ड्रोन और 400 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की 12 टीमों ने 19 गांवों में एक साथ सघन सर्चिंग ऑपरेशन चलाया। तीन जिलों बड़वानी, खरगोन और खंडवा की टीमों ने पहाड़ियों और जंगलों में पैदल घूमकर 5 खेतों पर छापा मारा।
अवैध गांजे की खेती पर प्रहार
थाना वरला के दुर्गम पहाड़ी इलाकों में अवैध गांजे की खेती पर प्रहार करने के लिए ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक शुरू किया गया। एसडीओपी अजय वाघमारे ने खुलासा किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के नेतृत्व में खरगोन, खंडवा और बड़वानी जिलों के 400 से अधिक पुलिसकर्मियों की 12 टीमों का गठन किया गया।
पैदल सर्चिंग, ड्रोन की मदद और 5 अवैध खेतों का पर्दाफाश
टीमों ने 12 सितंबर 2026 को 19 गांवों और ग्राम डोकलियापानी, धवलियागीर, बागदरी, टाकियापानी और आड़नदी के पहाड़ी व जंगल इलाकों में ड्रोन की मदद से व पैदल सर्चिंग कर 5 अवैध खेतों का पर्दाफाश किया।
23 क्विंटल से ज्यादा गांजा जब्त
जप्तशुदा खेत वन भूमि पर स्थित होने के कारण वन विभाग से पट्टाधारियों/कब्जाधारियों की जानकारी लेकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने अब तक 23 क्विंटल से ज्यादा गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार मूल्य तकरीबन एक करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने जल्द आरोपियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार करने की बात कही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



