भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद कुंवर बासित अली ने रविवार को लखनऊ में करीब ढाई सौ गाड़ियों के काफिले के साथ रोड शो किया. इस दौरान उन्होंने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए 2027 में भाजपा की प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनने का दावा किया.
लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद कुंवर बासित अली रविवार को पहली बार लखनऊ पहुंचे. राजधानी में उन्होंने करीब ढाई सौ गाड़ियों के काफिले के साथ रोड शो किया, जहां कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया.
रोड शो के दौरान कार्यकर्ताओं ने “न दूरी है न खाई है, मोदी हमारा भाई है” के नारे लगाए. इस मौके पर बासित अली ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता हर बूथ पर समाजवादी पार्टी की साइकिल का पहिया पंक्चर कर देंगे.
पहली बार पहुंचे लखनऊ
अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद बासित अली पहली बार राजधानी पहुंचे थे. यहां उन्होंने सबसे पहले राज्य मंत्री दानिश अली आजाद के आवास पर जाकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की.

इसके बाद रोड शो शुरू हुआ. मंत्री आवास से निकला काफिला सपा कार्यालय के सामने से होता हुआ लाल बत्ती चौराहा और राजभवन के रास्ते क्राइस्ट चर्च कॉलेज पहुंचा.
बारिश से बदला कार्यक्रम
क्राइस्ट चर्च कॉलेज में बासित अली को करीब एक घंटे तक कार्यकर्ताओं को संबोधित करना था. इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई, जिसके बाद स्वागत के लिए जुटे कार्यकर्ता इधर-उधर चले गए.
काफिले को आगे भारतीय जनता पार्टी कार्यालय तक जाना था, लेकिन क्राइस्ट चर्च कॉलेज के पास बारिश तेज होने और कार्यकर्ताओं की संख्या कम होने के कारण बासित अली और दानिश आजाद ने वहां से वापस जाने का फैसला किया.
2027 में सरकार का दावा
रोड शो के दौरान बासित अली ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी मजबूत स्थिति में है और अल्पसंख्यक वर्ग भी भाजपा के साथ है.
उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस को यह गलतफहमी नहीं होनी चाहिए कि मुसलमान भाजपा के साथ नहीं जा सकता. बासित अली ने दावा किया कि 2027 में अल्पसंख्यक वर्ग के सहयोग से उत्तर प्रदेश में फिर भाजपा की प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनेगी.
उन्होंने कहा, “हम हर बूथ पर समाजवादी पार्टी की साइकिल का पहिया पंक्चर कर देंगे.”
दानिश आजाद का बयान
राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनने जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने अल्पसंख्यक समाज को कमजोर किया और उनके विकास के लिए काम नहीं किया.
उन्होंने कहा कि हजारों कार्यकर्ताओं की भीड़ देखकर सपा कार्यकर्ता परेशान हो गए हैं. दानिश आजाद अंसारी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने मुसलमानों को सिर्फ बेवकूफ बनाया, जबकि भाजपा ने मुसलमानों को उनके अधिकार दिए और उनकी आवाज उठाई.



