Bastar News Update : बस्तर. बस्तर में बढ़ती गर्मी के साथ अब आवारा कुत्तों का आतंक भी लोगों की चिंता बढ़ा रहा है. गली-मोहल्लों में झुंड बनाकर घूम रहे कुत्ते राहगीरों पर हमला कर रहे हैं, जिससे अस्पतालों में रोज बड़ी संख्या में लोग एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाने पहुंच रहे हैं. महारानी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन 20 से 25 तक डॉग बाइट के मरीज पहुंच रहे हैं. डॉक्टरों का कहना है कि गर्मी में जानवरों का व्यवहार बदल जाता है. शरीर से पसीना बाहर नहीं निकल पाने के कारण वे चिड़चिड़े और आक्रामक हो जाते हैं. पालतू जानवरों को वैक्सीन मिल जाती है, लेकिन सड़कों पर घूमने वाले आवारा कुत्ते ज्यादा खतरनाक साबित हो रहे हैं. शहर के 48 वार्डों में लोगों ने रात के समय घर से निकलने में डर का माहौल बताया है. बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा खतरे में हैं. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि काटने पर घाव को तुरंत साबुन-पानी से धोकर एंटी रेबीज इंजेक्शन जरूर लगवाएं. 

पानी साफ करने के नाम पर फिर नदी में बहाई जा रही गाद

जगदलपुर. शहर की पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए चल रही फिल्टर प्लांट सफाई अब सवालों के घेरे में आ गई है. इंद्रावती नदी किनारे स्थित 64 साल पुराने फिल्टर प्लांट की टंकियों से निकाली जा रही गाद को बाहर फेंकने के बजाय पानी के प्रेशर से दोबारा नदी में ही छोड़ा जा रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि इससे नदी प्रदूषित हो रही है और वही गाद फिर पंप हाउस के जरिए प्लांट तक पहुंच सकती है. डोकरी घाट के पास बड़ी मात्रा में गाद जमा होने से हादसे का खतरा भी बढ़ गया है. फिल्टर प्लांट की छह टंकियों की सफाई के लिए सिर्फ छह मजदूर लगाए गए हैं, जिसके चलते काम धीमी गति से चल रहा है. सफाई के कारण शहर के सात वार्डों में जलापूर्ति भी प्रभावित रही. नागरिकों ने प्रशासन से वैज्ञानिक तरीके से गाद निस्तारण की मांग की है.

किसानों के भरोसे पर बैंक घोटाला, फरार कर्मचारी गिरफ्तार

दंतेवाड़ा. गीदम में कृषि लोन के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. बैंक के फील्ड ऑफिसर पर आरोप है कि उसने किसान का विश्वास जीतकर संयुक्त खाते और बैंकिंग माध्यमों का दुरुपयोग करते हुए करीब 9 लाख 50 हजार रुपए निकाल लिए. पीड़ित किसान ने रकम वापस मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा और बाद में फरार हो गया. शिकायत के बाद पुलिस ने साइबर लोकेशन, मोबाइल सीडीआर और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी प्रवीण कुमार शर्मा को जगदलपुर से गिरफ्तार किया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की है. मामले ने ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुरक्षा और किसानों की वित्तीय जागरूकता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

Bastar News Update : रेलवे के नए नक्शे में बस्तर की बढ़ी अहमियत

बस्तर. एक जून से रायगड़ा रेल मंडल अस्तित्व में आने जा रहा है, जिसके बाद पूरी केके रेल लाइन नए मंडल के अधीन होगी. माना जा रहा है कि इस बदलाव के बाद बस्तर क्षेत्र में रेलवे विकास को नई गति मिल सकती है. रेल अधिकारियों ने रायगड़ा नियंत्रण कार्यालय और संचालन व्यवस्था का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की है. दोहरीकरण और नए प्रशासनिक ढांचे के बाद बस्तर को नई रेल सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. हालांकि दल्लीराजहरा-रावघाट-जगदलपुर रेल परियोजना के बावजूद बस्तर को रायपुर रेल मंडल से जोड़ने की मांग अब तक अधूरी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र से मिलने वाले राजस्व को देखते हुए बस्तर को छत्तीसगढ़ के रेल ढांचे से सीधे जोड़ना जरूरी है.

एक घंटे की बिजली कटौती ने खोल दी व्यवस्था की पोल

कोण्डागांव. भीषण गर्मी के बीच कोण्डागांव शहर में रात के समय बिजली गुल होने से लोग परेशान रहे. 11 केवी लाइन के जम्फर में खराबी आने से शहर के कई इलाकों में एक घंटे से अधिक समय तक अंधेरा छाया रहा. जय स्तंभ चौक से लेकर जिला अस्पताल, पुलिस लाइन और प्रेमनगर तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही. गर्मी और उमस के बीच लोग देर रात तक बिजली बहाल होने का इंतजार करते रहे. स्थिति का जायजा लेने विधायक लता उसेंडी खुद बिजली विभाग के कंट्रोल रूम पहुंचीं. विभाग ने बढ़ती खपत को देखते हुए नए सब-स्टेशन की जरूरत स्वीकार की है. लंबे समय से नई बिजली परियोजनाएं नहीं बनने के कारण व्यवस्था पर दबाव बढ़ता जा रहा है.  

Bastar News Update : अबूझमाड़ के जंगलों पर बढ़ा नया खतरा

नारायणपुर. वर्षों तक नक्सल संघर्ष से घिरा रहा अबूझमाड़ अब विकास और सामान्य जीवन की ओर बढ़ रहा है, लेकिन इसी के साथ जंगलों पर दबाव भी तेजी से बढ़ने लगा है. ग्रामीण अपने गांव लौट रहे हैं, सड़कें बन रही हैं और नई गतिविधियां शुरू हो रही हैं, लेकिन खेती, बसाहट और संसाधनों की जरूरत के कारण जंगल कटाई और आगजनी की घटनाएं बढ़ने लगी हैं. विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अगर यही स्थिति जारी रही तो क्षेत्र का प्राकृतिक संतुलन बिगड़ सकता है. करीब चार हजार वर्ग किलोमीटर में फैला अबूझमाड़ दुर्लभ वन्यजीवों और आदिवासी संस्कृति का महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जाता है. अब सवाल उठ रहा है कि जिस इलाके ने दशकों तक बंदूकों का सामना किया, क्या वह अब अनियंत्रित मानवीय दखल को झेल पाएगा.

मिट्टी के नीचे छिपा इतिहास, जिले में मिली प्राचीन धरोहरें

दंतेवाड़ा. दंतेवाड़ा जिले में भारतीय ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कई महत्वपूर्ण पुरावशेष मिले हैं. अभियान के दौरान अब तक पांच प्राचीन शिलालेख और दो दुर्लभ पांडुलिपियां खोजी गई हैं. समलूर, बारसूर और दंतेश्वरी मंदिर परिसर से तेलुगु और देवनागरी लिपि में लिखे शिलालेख मिले हैं, जिनका संबंध 11वीं से 13वीं शताब्दी तक बताया जा रहा है. वहीं एक ताड़पत्र पांडुलिपि भी मिली है, जिसे करीब 300 साल पुराना माना जा रहा है. विशेषज्ञ इन धरोहरों के ऐतिहासिक महत्व का अध्ययन कर रहे हैं. प्रशासन ने दस्तावेजीकरण और संरक्षण की प्रक्रिया तेज कर दी है. खोजों ने एक बार फिर साबित किया है कि बस्तर क्षेत्र प्राचीन काल में ज्ञान और संस्कृति का बड़ा केंद्र रहा है.

Bastar News Update : डीजल महंगा, अब बस सफर भी पड़ सकता है भारी

जगदलपुर. ईंधन कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के बीच बस संचालकों ने किराया बढ़ाने की मांग तेज कर दी है. डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ने के बाद परिवहन कारोबार पर असर पड़ने का दावा किया जा रहा है. बस ऑपरेटरों का कहना है कि लंबे समय से किराया नहीं बढ़ा है, जबकि डीजल, टोल टैक्स और संचालन खर्च लगातार बढ़ रहे हैं. इसी वजह से परिवहन मंत्री से किराए में 50 प्रतिशत तक वृद्धि की मांग की गई है. अगर मांग पर आंशिक सहमति भी बनती है तो जगदलपुर से रायपुर तक का किराया 550 रुपए से बढ़कर करीब 700 रुपए तक पहुंच सकता है. दंतेवाड़ा सहित अन्य रूटों पर भी यात्रियों की जेब पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H