Bastar News Update : जगदलपुर. बस्तर में रेल सुविधा का विस्तार हो रहा है, लेकिन कई इलाकों के यात्री अब भी दूरी की परेशानी झेल रहे हैं. किरंदुल से लेकर विशाखापटनम के बीच चलने वाली नाइट एक्सप्रेस के पुराने स्टॉपेज 27 अक्टूबर से बहाल होने जा रहे हैं. कोरोना काल में काकलुर और डिलमिली जैसे स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव स्थगित कर दिया गया था. अब करीब पांच साल बाद यहां दो मिनट के लिए नाइट एक्सप्रेस फिर रुकेगी. इसी फैसले के बीच नगरनार क्षेत्र के लोगों ने आमागुड़ा स्टेशन को लेकर अपनी मांग तेज कर दी है. आमागुड़ा, मारकेल, माढ़पाल, चोकावाड़ा, नगरनार और कस्तूरी क्षेत्र की आबादी तेजी से बढ़ी है. नगरनार स्टील प्लांट के विस्तार के साथ यात्रियों की संख्या भी बढ़ी है. इसके बावजूद एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ने के लिए लोगों को करीब 13 किलोमीटर दूर जगदलपुर स्टेशन जाना पड़ता है. जबकि आमागुड़ा स्टेशन क्षेत्र के यात्रियों के लिए सुविधाजनक और नजदीकी विकल्प है. स्थानीय लोगों ने नाइट एक्सप्रेस के साथ हीराखंड, समलेश्वरी और.राउरकेला एक्सप्रेस के ठहराव की भी मांग की है. अब नजर रेलवे बोर्ड के फैसले पर है कि बढ़ती आबादी के अनुरूप आमागुड़ा को रेल सुविधा कब मिलती है.

सरकारी आवासों पर भारी संकट (Bastar News Update)

जगदलपुर. बस्तर संभाग मुख्यालय में सरकारी आवासों की हालत अब कर्मचारियों के लिए चिंता का कारण बनती जा रही है. लोक निर्माण विभाग की कॉलोनियों में 400 से ज्यादा आवास लंबे समय से मरम्मत के इंतजार में हैं. कई मकानों को जर्जर और रहने योग्य नहीं होने की स्थिति में घोषित किया जा चुका है. इसके बावजूद कर्मचारी इन्हीं भवनों में रहने को मजबूर हैं, क्योंकि नए आवासों की उपलब्धता सीमित है. बारिश का एक और मौसम गुजर गया, लेकिन अधिकांश आवासों की स्थिति में कोई बड़ा सुधार नहीं हुआ. कर्मचारियों का आरोप है कि मरम्मत के लिए मिलने वाली राशि जरूरत के मुकाबले बेहद कम है. वहीं कई सरकारी आवासों पर दूसरे लोगों के कब्जे की शिकायत भी सामने आ रही है. कुछ मकानों का इस्तेमाल ठेकेदारों के मजदूरों के रहने के लिए किए जाने का भी आरोप है. दिलचस्प बात यह है कि पुराने सरकारी बंगलों की तुलना में कर्मचारियों के आवासों की स्थिति बेहद खराब नजर आती है. अवंतिका, बोधघाट, धरमपुरा और साकेत कॉलोनी समेत कई इलाकों में सरकारी आवास मौजूद हैं. कर्मचारियों की मांग है कि जर्जर भवनों का सर्वे कराकर मरम्मत या नए आवास की व्यवस्था तत्काल की जाए.

आस्था के मंदिर में चोरी से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल (Bastar News Update)

जगदलपुर. बस्तर में आस्था के प्रमुख केंद्रों में शामिल मां दंतेश्वरी मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर चोरी की वारदात ने सवाल खड़े कर दिए हैं. भानपुरी थाना क्षेत्र के केशरपाल स्थित मंदिर में चोरों ने गर्भगृह को निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि 3 सितंबर दोपहर से 4 सितंबर तड़के के बीच वारदात को अंजाम दिया गया. चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर मंदिर के भीतर दाखिल हुए और माता के विग्रह से आभूषण उतार ले गए. चोरी हुए सामान में चांदी के दो छत्र और दो बांह पट्टी शामिल हैं. इसके अलावा सोने की तीन नथ और चांदी का एक मुकुट भी चोरी हुआ है. चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब एक लाख 20 हजार रुपये बताई गई है. सुबह पूजा के लिए पहुंचे ग्रामीणों और पुजारी ने सामान बिखरा देखा, तब घटना का पता चला. सूचना मिलते ही भानपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया. पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ के साथ सुराग जुटाने में लगी है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि मंदिर जैसे आस्था स्थल की सुरक्षा में सेंध आखिर कैसे लगी.

डंपिंग यार्ड बना परेशानी का कारण

सुकमा. शहर में बढ़ते कचरे ने अब लोगों की नाराजगी को सड़क तक पहुंचा दिया है. नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 6 स्थित डंपिंग यार्ड की अव्यवस्था के खिलाफ रविवार को लोगों ने प्रदर्शन किया. लंबे समय से खुले में कचरा डाले जाने से परेशान वार्डवासी पहले डंपिंग यार्ड पहुंचे. इसके बाद कचरे से भरे ट्रैक्टर लेकर नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर धरने पर बैठ गए. लोगों का आरोप है कि जगह-जगह कचरे के ढेर और आवारा मवेशियों के कारण हालात बदतर हो गए हैं. सबसे गंभीर बात यह है कि डंपिंग यार्ड से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक निजी स्कूल भी संचालित है. बदबू और गंदगी के बीच स्कूल आने-जाने वाले छोटे बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. प्रदर्शन के बाद सीएमओ मौके पर पहुंचे और व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया. वार्डवासियों का कहना है बाउंड्रीवाल निर्माण की स्वीकृति को करीब सात महीने बीत चुके हैं, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ. लोग अब डंपिंग यार्ड को व्यवस्थित करने के साथ शहर से बाहर नए स्थान पर शिफ्ट करने की मांग कर रहे हैं. प्रदर्शन ने साफ कर दिया है कि कचरा प्रबंधन की समस्या अब सिर्फ सफाई नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य का मुद्दा बन चुकी है.

पुलिया में गड्ढा, गांव का संपर्क टूटने का खतरा (Bastar News Update)

कोंडागांव. जिले में सड़क और पुलिया की बदहाल स्थिति ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है. फरसगांव ब्लॉक के भंडारावंडी गांव को मुख्यालय से जोड़ने वाले मार्ग पर अचानक बड़ा गड्ढा हो गया. शनिवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिया के किनारे की मिट्टी धंसने से सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ. गड्ढा बढ़ने के साथ ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा. सूचना मिलते ही सरपंच और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल रास्ता दुरुस्त करने की कोशिश शुरू की. ग्रामीणों ने मुरूम मंगवाकर गड्ढे को अस्थायी तौर पर पाट दिया. फिलहाल आवागमन तो बहाल है, लेकिन खतरा पूरी तरह टला नहीं है. ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं होती तो फरसगांव मुख्यालय से गांव का संपर्क बाधित हो सकता था. बारिश के दौरान मिट्टी धंसने से पुलिया की स्थिति और खराब होने की आशंका बनी हुई है. ग्रामीण अब अस्थायी सुधार के बजाय पुलिया की स्थायी मरम्मत की मांग कर रहे हैं. मांग है कि प्रशासन जल्द कार्रवाई करे, ताकि रास्ता किसी बड़े हादसे का कारण न बने.

ओडिशा से नशीली दवाओं की खेप, आरोपी गिरफ्तार

सुकमा. सुकमा में नशे के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में संदिग्ध नशीली दवाओं की खेप पकड़ी है. पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से नशीली दवाएं लेकर एक व्यक्ति सुकमा पहुंचने वाला है. इसके बाद कुम्हारपारा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा गया. पूछताछ में आरोपी की पहचान राजेंद्र विश्वास के रूप में हुई..उसके पास मौजूद कार्टून की जांच की गई तो उसमें बड़ी संख्या में कैप्सूल और कफ सिरप बरामद हुए. पुलिस के मुताबिक कार्टून से 720 कैप्सूल और 108 बोतल कफ सिरप मिलीं. दवाओं से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका. इसके बाद पुलिस ने दवाएं, तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त कर लिया. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया. पुलिस का कहना है कि नशे की सप्लाई चेन तक पहुंचने के लिए मामले की आगे जांच की जा रही है. सुकमा पुलिस ने ऑपरेशन आगाज के तहत अब तक अंतरराज्यीय तस्करों पर कार्रवाई का दावा किया है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है. 

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H