Bastar News Update : जगदलपुर. दूरदर्शन की 67वीं वर्षगांठ पर डीडी छत्तीसगढ़ में नए पारिवारिक और हास्य धारावाहिक शुरू करने की घोषणा हुई है. इसी के साथ स्थानीय फिल्म निर्माताओं ने छत्तीसगढ़ी सिनेमा को भी प्रसारण में जगह देने की मांग उठाई है. निर्माता अविनाश प्रसाद का कहना है कि छत्तीसगढ़ में हर साल 50 से अधिक छत्तीसगढ़ी फिल्में बन रही हैं. बीते 25 वर्षों में करीब 1500 फिल्में बनने का दावा किया गया है. इन फिल्मों को सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में दर्शक मिलते हैं, लेकिन क्षेत्रीय चैनल पर प्रसारण का अवसर नहीं मिलता. निर्माताओं का कहना है कि छत्तीसगढ़ी के साथ हल्बी और दूसरी स्थानीय बोलियों की फिल्मों को भी मंच मिलना चाहिए. डीडी छत्तीसगढ़ की ओर से प्रायोजक मिलने पर क्षेत्रीय फिल्मों के प्रसारण की बात कही गई है. फिल्म निर्माताओं का सवाल है कि प्रदेश में फिल्म निर्माण की गतिविधियां बढ़ने के बावजूद प्रसारण के लिए प्रायोजक की शर्त क्यों बनी हुई है. स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को मंच मिलने से क्षेत्रीय सिनेमा को नया दर्शक वर्ग मिल सकता है. अब देखना होगा कि नए कार्यक्रमों के साथ डीडी छत्तीसगढ़ स्थानीय फिल्मों के प्रसारण को लेकर क्या पहल करता है.

निर्माणाधीन नाली बनी हादसे की वजह, सुरक्षा इंतजामों पर सवाल

जगदलपुर. शनिवार देर शाम हुई बारिश ने शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी. झंकार टॉकीज के पास सड़क किनारे निर्माणाधीन नाली में बारिश का पानी भर गया. नाली के आसपास न स्टॉपर लगाए गए थे और न ही कोई चेतावनी या सुरक्षा संकेतक मौजूद था. पानी से भरी अधूरी नाली सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों को दिखाई नहीं दी. इसी दौरान एक कार सीधे निर्माणाधीन नाली में जा गिरी. मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मदद कर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला. गनीमत रही कि हादसे में किसी बड़ी जनहानि की स्थिति नहीं बनी. स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर नाराजगी जताई है. इसी दौरान किसान बेकरी के पास तेज हवा और बारिश से पेड़ की बड़ी डाल एक कार पर गिर गई. इस घटना में भी राहत की बात रही कि वाहन में उस समय कोई मौजूद नहीं था. लगातार बारिश के बीच खुले निर्माण स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर अब जिम्मेदारी तय करने की मांग उठ रही है.

167 किलो कम हो सकती है दूरी, दक्षिण बस्तर में नई रेल लाइन की मांग

जगदलपुर. दक्षिण बस्तर को सीधे दुर्ग और रायपुर से जोड़ने के लिए दंतेवाड़ा-बारसूर-नारायणपुर रेल लाइन की मांग फिर तेज हुई है. प्रस्तावित रेल कनेक्टिविटी से किरंदुल से दुर्ग की दूरी 454 किलोमीटर से घटकर करीब 287 किलोमीटर होने का दावा किया जा रहा है. यानी मौजूदा मार्ग की तुलना में करीब 167 किलोमीटर की दूरी कम हो सकती है. दंतेवाड़ा से नारायणपुर के बीच प्रस्तावित रेल लाइन की लंबाई करीब 124 किलोमीटर बताई जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे यात्रा का समय और ईंधन दोनों बच सकते हैं. क्षेत्र के नागरिक इस रेल लाइन को केवल परिवहन नहीं, बल्कि आर्थिक और पर्यटन विकास से भी जोड़कर देख रहे हैं. बारसूर, दंतेवाड़ा और अबूझमाड़ क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को इससे बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार करीब पांच दशक पहले भी इस क्षेत्र में रेल लाइन का सर्वे किया गया था. अब पुराने प्रस्ताव को नए सिरे से देखने और विस्तृत सर्वे कराने की मांग उठ रही है. दक्षिण बस्तर के लोगों का कहना है कि क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए दंतेवाड़ा और नारायणपुर को रेल नेटवर्क से जोड़ने पर गंभीरता से विचार होना चाहिए.

खेल मैदान में बस्तर का दबदबा, ऑल ओवर चैंपियनशिप पर कब्जा

जगदलपुर. चार दिनों तक चले 26वें राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का रंगारंग कार्यक्रम के साथ समापन हुआ. प्रतियोगिता में पांच संभागों के करीब 700 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने हिस्सा लिया. एथलेटिक्स, हैंडबॉल और रग्बी में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल भावना का प्रदर्शन किया. बस्तर संभाग ने विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल ओवर चैंपियनशिप अपने नाम की. अंडर-17 हैंडबॉल के बालक और बालिका दोनों वर्गों में बस्तर की टीम विजेता रही. रग्बी बालिका वर्ग में बस्तर दूसरे और बालक वर्ग में तीसरे स्थान पर रहा. समापन समारोह में खिलाड़ियों के साथ बस्तर की लोक संस्कृति भी आकर्षण का केंद्र रही. पारंपरिक वेशभूषा, लोक वाद्य और नृत्य की प्रस्तुतियों ने खेल परिसर का माहौल बदल दिया. वन मंत्री केदार कश्यप ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए नियमित अभ्यास और अनुशासन पर जोर दिया. विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया. प्रतियोगिता ने बस्तर की खेल प्रतिभाओं के साथ उसकी सांस्कृतिक पहचान को भी मंच दिया.

फैक्ट्री से दो क्विंटल लोहे की चैन चोरी, आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर. बिलोरी स्थित अग्रवाल आयरन फैक्ट्री से करीब एक लाख रुपये कीमत की लोहे की चैन चोरी के मामले में परपा पुलिस ने कार्रवाई की है. फैक्ट्री परिसर से दो नग बकेट एलीवेटर चैन गायब होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी. पुलिस के अनुसार चोरी गई चैनों का कुल वजन करीब दो क्विंटल था. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अजय अधिकारी को गिरफ्तार किया. पूछताछ और निशानदेही के आधार पर चोरी की दोनों लोहे की चैन बरामद कर ली गईं. बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है. पुलिस ने चोरी के सामान को विधिवत जब्त कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी जगदलपुर के संतोषी वार्ड का निवासी बताया गया है. आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया. पुलिस अब मामले में चोरी की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

पिता ने जीवित बेटी का किया पिंडदान

जगदलपुर. जगदलपुर के धरमपुरा क्षेत्र में पिता ने  अपनी जीवित बेटी का पिंडदान किया है. परिवार के अनुसार बेटी ने मुस्लिम युवक से विवाह करने के बाद धर्म परिवर्तन किया है. इस फैसले से नाराज पिता सुजान दत्ता ने बेटी से आजीवन संबंध विच्छेद की घोषणा की. रविवार को उन्होंने सिर मुंडवाकर शास्त्रीय विधि-विधान के साथ पिंडदान किया. परिवार का कहना है कि बेटी के निर्णय से वे गहरे सदमे में हैं. पिता ने इस कदम के जरिए बेटी से अपने संबंध खत्म करने की सार्वजनिक घोषणा की. घटना के दौरान समाज के कुछ पदाधिकारी भी परिवार से मिलने पहुंचे. उन्होंने परिवार को सांत्वना दी और इस फैसले के प्रति अपना समर्थन जताया. मामला परिवार, व्यक्तिगत निर्णय और सामाजिक भावनाओं से जुड़ा होने के कारण चर्चा में है. पिता की ओर से उठाया गया यह कदम परिवार के भीतर गहरे मतभेद को सामने लाता है. घटना के बाद स्थानीय स्तर पर भी इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.

खेत के विवाद ने लिया मारपीट का रूप, दो बुजुर्ग भाई घायल

कोंडागांव. कोंडागांव के पल्ली गांव में खेत से जुड़े विवाद को लेकर दो बुजुर्ग भाइयों से मारपीट का मामला सामने आया है. घटना कट्टापारा और पटेलपारा क्षेत्र की बताई जा रही है. चैतराम मंडावी और उनके बड़े भाई सुबस मंडावी ने अपने खेत में मूंगफली की फसल लगाई है. बताया गया कि खेत में मुर्गियों के पहुंचने और फसल को नुकसान होने को लेकर विवाद शुरू हुआ. आरोप है कि मामूली विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया..पीड़ित परिवार का आरोप है कि दोनों भाइयों के साथ खेत से लेकर घर तक मारपीट की गई. मारपीट में दोनों भाइयों को चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया. उपचार के बाद दोनों ने सिटी कोतवाली पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई. परिजनों ने पूर्व में भी विवाद और मारपीट की घटनाएं होने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यात्रियों से भरी बस पलटी, 12 घायल

बीजापुर. चेरला से बीजापुर आ रही यात्रियों से भरी बस रविवार सुबह गुण्डम के पास हादसे का शिकार हो गई. बताया गया कि बाबा ट्रेवल्स की बस करीब 11 बजे अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. बस के पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. हादसे में 12 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. सूचना मिलते ही सीआरपीएफ और तर्रेम थाना के जवान मौके पर पहुंचे. स्थानीय ग्रामीणों के साथ जवानों ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया. बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर तत्काल बासागुड़ा अस्पताल पहुंचाया गया. चार घायलों का बासागुड़ा अस्पताल में उपचार जारी है. वहीं आठ घायलों को बेहतर इलाज के लिए बीजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सभी घायलों की हालत सामान्य बताई गई है. हादसे के बाद पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H