Bastar News Update : जगदलपुर. नगरनार स्थित एनएमडीसी के स्टील प्लांट के भीतर आग लगने की एक और घटना सामने आई है. इस बार प्लांट परिसर में टीआरएल कंपनी के स्टोर में आग लग गई. घटना के बाद मौके पर पहुंचे फायर फाइटर ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया. राहत की बात यह रही कि आग पर नियंत्रण कर लिया गया, लेकिन घटना के कारणों और इससे हुए नुकसान को लेकर अब तक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है, वहीं प्लांट प्रबंधन ने घटना को लेकर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है. उल्लेखनीय है कि स्टल प्लांट परिसर के भीतर आग लगने की सूचना से कुछ समय के लिए हलचल की स्थिति निर्मित हो गई. आग किस वजह से लगी, स्टोर में किस तरह की सामग्री रखी हुई थी और आग से कितना नुकसान हुआ है, इन सवालों के जवाब फिलहाल स्पष्ट नहीं हैं. आग बुझाने के लिए फायर फाइटर को मौके पर पहुंचना पड़ा, उनके प्रयासों से आग पर काबू पा लिया गया. घटना को लेकर प्लांट प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. प्रबंधन के टिप्पणी करने से इनकार के कारण आग लगने की वजह, नुकसान की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों से जुड़े सवालों पर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है. फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि घटना की विस्तृत जांच कराई जा रही है या नहीं. औद्योगिक इकाई के भीतर आग लगने की घटनाओं में समय पर आग पर नियंत्रण के साथ-साथ उनके कारणों का पता लगाना भी महत्वपूर्ण है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके. अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रबंधन घटना को लेकर कब तक आधिकारिक जानकारी देता है, और आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा कब होता है. नगरनार स्टील प्लांट में इससे पहले भी आग लगने की घटना सामने आ चुकी है. ऐसे में एक बार फिर प्लांट परिसर में आग लगने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि पिछली और वर्तमान घटना के बीच किसी तरह का संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है. बार-बार ऐसी घटनाएं सामने आने के बीच आग लगने के कारणों की जांच और औद्योगिक सुरक्षा उपायों की जानकारी सार्वजनिक किए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है.

नेशनल हाइवे पर पलटा पिकअप, 1 की मौत और 16 घायल

Bastar News Update : तोंगपाल. नेशनल हाइवे 30 पर रविवार की सुबह करीब 9 बजे मजदूरों से भरा एक पिकअप झीरम घाटी रास्ते में बेकाबू हो कर पलट गया. इस हादसे में 1 मजदूर की मौत हो गई और 16 घायल हो गए. इस हादसे की जानकारी मिलते ही सीआरपीएफ 227 बटालियन के जवानों ने घायलों को तोंगपाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां घायलों की स्थिति को देखते हुए दो लोगों को डिमरापाल रेफर किया गया, एवं अन्य लोगों का उपचार किया गया, दरभा पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को उठाकर, थाना पहुंचाया. पीएचसी तोंगपाल अस्पताल में मृतक के शव को लेकर परिजनों के साथ अग्रिम कार्रवाई की गई. जानकारी के मुताबिक घटना में घायल हुए 16 लोग, उड़ीसा क्षेत्र के लेबर कार्य करने वाले बताए गए, सभी लोग ठेकेदार के बुलाने पर कूकानार इलाके में ढलाई करने पिकप पर सवार हो निकले थे. कुछ घायलों ने बताया पिकअप वाहन का चालक वाहन को तेज गति से और लापरवाही पूर्वक चलाने से मोड़ के पास गढ्ढे को बचाने के चलते हादसा हुआ. चालक ने ब्रेक नहीं लगने से हादसा होना बताया. पीएचसी तोंगपाल में पोस्टमार्टम हेतु व्यवस्था न हो पाने के कारण शव दरभा अस्पताल जाने वाहन बुकिंग कर वाना पड़ा. पोस्टमार्टम पश्चात शव को परिजनों को सौंप दिया.

देवी दर्शन के लिए दंतेवाड़ा तक निःशुल्क बस सेवा शुरू

Bastar News Update : जगदलपुर. माँ दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रोटरी क्लब जगदलपुर ने ‘प्रोजेक्ट आशा’ के तहत निःशुल्क बस सेवा शुरू की है. रविवार को जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में महापौर संजय पांडे और बस्तर राजपरिवार के उत्तराधिकारी कमलचंद्र भंजदेव की उपस्थिति में बस सेवा का शुभारंभकिया गया. बताया गया कि यह सेवा 11 से 15 अक्टूबर तक जगदलपुर और दंतेवाड़ा के बीच संचालित होगी. रोटरी क्लब की इस पहल का उद्देश्य सीमित रेल सुविधाओं के कारण आवागमन में परेशानी का सामना कर रहे श्रद्धालुओं को वैकल्पिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है. नवरात्रि के दौरान मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जाने वाले श्रद्धालुओं को इससे राहत मिलने की उम्मीद है. रोटरी क्लब द्वारा जारी समय सारिणी के अनुसार, जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर से दंतेवाड़ा के लिए पहली बस सुबह 7 बजे और दूसरी बस दोपहर 2 बजे रवाना होगी. वहीं, दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर से जगदलपुर के लिए बस सुबह 10 बजे और शाम 5 बजे प्रस्थान करेगी. यह व्यवस्था 11 से 15 अक्टूबर तक लागू रहेगी. रोटरी क्लब के सचिव रोटेरियन अंकित गोयल ने बताया कि निःशुल्क बस सेवा केवल एकतरफा यात्रा यानी ड्रॉप सुविधा के रूप में उपलब्ध है. जगदलपुर से दंतेवाड़ा जाने वाले यात्रियों को उसी बस से वापस लाने की व्यवस्था नहीं है. इसी तरह, दंतेवाड़ा से जगदलपुर आने वाली बसों का संचालन भी निर्धारित समय के अनुसार किया जाएगा. परियोजना के चेयरमैन एवं रोटरी क्लब जगदलपुर के उपाध्यक्ष रोटेरियन संग्राम सिंह राणा ने कहा कि ‘प्रोजेक्ट आशा’ जनसेवा और धार्मिक आस्था को जोड़ने की पहल है. उन्होंने यात्रियों से निर्धारित समय और प्रस्थान स्थल का ध्यान रखने के साथ एकतरफा यात्रा की शर्तों को समझकर यात्रा करने की अपील की. संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी क्लब के सचिव रोटेरियन अंकित गोयल और संयुक्त सचिव रोटेरियन सप्तगिरि मद्दी संभाल रहे हैं.

Bastar News Update : धर्मांतरण विवाद में घर कराया खाली

दोरनापाल. सुकमा जिले के गोरगुंडा पंचायत के देवरपल्ली में रविवार की सुबह धर्मांतरण को लेकर शुरु हुए विवाद में ग्रामीणों ने धर्मांतरित परिवार के एक घर को खाली कराने की मांग करते हुए विरोध शुरू कर दिया. ग्रामीणों और परिवार के बीच सहमति नहीं बनने पर कुछ ग्रामीणों ने घर की छत की शीट निकाल दी. सूचना पर थाना प्रभारी नितिन उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस की मौजूदगी के बाद ग्रामीण वहां से हटे, इसके बाद ग्रामीणों के साथ बैठक कर समझाइश दी गई. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले चार वर्षों से धर्मांतरित परिवारों को आदिवासी समाज की परंपराओं और रीति-रिवाजों में शामिल होने के लिए समझाइश दी जा रही थी. हाल ही में गांव के पूर्व सरपंच पोड़ियम की मृत्यु के बाद आयोजित क्रियाकर्म में धर्मांतरित परिवार के शामिल नहीं होने से नाराजगी बढ़ गई. ग्रामीणों के मुताबिक, इसी के बाद उन्होंने एकत्रित होकर परिवार के घर खाली कराने का फैसला किया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि धर्मांतरित परिवार के सदस्य गांव के सामाजिक कार्यक्रमों और स्थानीय देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना में शामिल नहीं होते हैं. ग्रामीणों की नाराजगी खेती-किसानी से जुड़ी पारंपरिक पूजा-पद्धतियों का पालन नहीं किए जाने को लेकर भी है. उनका कहना है कि परिवार के सदस्य खेतों की जुताई से लेकर फसल कटाई तक की गतिविधियां पारंपरिक पूजा-पाठ के बिना करते हैं. घटना के बाद आदिवासी समाज के पदाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों के साथ बैठक की. दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया गया. हालांकि, ग्रामीणों और धर्मांतरित परिवार के बीच हुई बैठक में कोई ठोस सहमति नहीं बन सकी. इसके बाद धर्मांतरित परिवार के सदस्य दोरनापाल पहुंचे, जहां वे अपने रिश्तेदारों के घर ठहरे हुए हैं. धर्मांतरण को लेकर उपजे इस विवाद ने गांव में सामाजिक परंपराओं और पारिवारिक स्वतंत्रता से जुड़े सवाल खड़े किए हैं. मामले में सभी पक्षों की बात सामने आना और कानून के दायरे में समाधान निकालना महत्वपूर्ण होगा.

Bastar News Update : नवरात्र पर पदयात्रियों के लिए सेवा रथ शुरू…

जगदलपुर. शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जाने वाले पदयात्रियों की सेवा के लिए भाजपा की ओर से सेवा रथ की शुरुआत की गई. दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण देव ने विधिवत पूजा-अर्चना कर सेवा रथ का शुभारंभ किया. इस रथ के माध्यम से पदयात्रियों को रास्ते में फल, बिस्कुट और पानी वितरित किया जाएगा. इस अवसर पर किरण देव ने क्षेत्रवासियों को बस्तर दशहरा और शारदीय नवरात्र की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी. उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु पदयात्रा करते हुए दंतेवाड़ा पहुंचते हैं. लंबी दूरी की इस यात्रा में श्रद्धालुओं को सुविधा उपलब्ध कराने और उनकी सेवा करने के उद्देश्य से सेवा रथ शुरू किया गया है. सेवा रथ के शुभारंभ अवसर पर महापौर संजय पांडे, भाजपा जिला अध्यक्ष, विद्याशरण तिवारी, श्रीनिवास मिश्रा, रामाश्रय सिंह, रजनीश पानीग्राही, आरेद्र सिंह, योगेंद्र पांडे, प्रकाश झा, संग्राम सिंह राणा, हरिश पारेख, राजेश श्रीवास्तव, आशुतोष पांडेय, गोविंद ईनाणी, श्रीपाल जैन, परेश बेसरा, दिनेश पानीग्राही, मनोज पटेल, नरेंद्र पानीग्राही, सतीश बाजपेई, अमित कपूर, अभिषेक तिवारी, विनय राजू, अचुंत सामंत, रितेश झा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H