Bastar News Update : जगदलपुर। सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार आईगॉट कर्मयोगों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रशासनिक क्षमता निर्माण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 20 फरवरी को कलेक्ट्रेट सभागार जगदलपुर में बस्तर संभाग स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई है। कमिश्नर डोमन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण में राज्य स्तर से अंजू सिंह अवर सचिव छत्तीसगढ़ शासन एवं नोडल अधिकारी आईगॉट कर्मयोगी द्वारा अधिकारियों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान आईगॉट प्लेटफॉर्म पर पंजीयन, कोर्स चयन, अनिवार्य एवं विभागीय पाठ्यक्रमों की जानकारी, प्रगति मॉनिटरिंग तथा क्षमता निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया जाएगा।

उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, पावर सब स्टेशन की बढाई गई क्षमता
जगदलपुर। बस्तर संभाग अंतर्गत सुकमा जिला मुख्यालय के मस्तानपारा सब स्टेशन में 3.15 एमवीए की जगह 5 एमवीए का नया पावर ट्रांसफार्मर लगाया गया है, जिससे 7 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। इस क्षमता वृद्धि से क्षेत्र में लो वोल्टेज और बार-बार बिजली ट्रिपिंग की समस्या समाप्त होगी और कृषि एवं घरेलू उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिलेगी। विद्युत कंपनी की ओर से गर्मी से पूर्व बिजली संसाधनों को बेहतर कराया जा रहा है। उपभोक्ताओं ने बताया कि इस उपकेन्द्र से अब गांवों में बार-बार बिजली बंद और लो-समस्या से छुटकारा मिल गया है। उन्होंने बताया कि बिजली बंद होने से ग्रामीणों के साथ-साथ पढ़ाई कर रहे बच्चों को परेशानी होती थी। इस दौरान सुकमा संभाग के कार्यपालन अभियंता एचके ध्रुव, एसटीएम संभाग के कार्यपालन अभियंता अमर भगत, सुकमा प्रोजेक्ट के सहायक अभियंता विनोद टंडन, उप संभाग के सहायक अभियंता कमलोचन कर्मा, सुकमा शहर एवं सुकमा ग्रामीण के कनिष्ठ अभियंता एवं सुकमा उपसंभाग के समस्त कर्मचारी शामिल रहे।
विद्युत कंपनी सुकमा संभाग के कार्यपालन अभियंता एचके ध्रुव ने बताया कि मस्तानपारा के सब स्टेशन में पहले से मौजूद ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो जाते थे। मौसम में लोड शेडिंग और लो वोल्टेज की समस्या होती थी, अब वोल्टेज और लोड सेडिंग जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।
कोंडागांव जिले में बनेगा मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल
कोंडागांव। देश की नामी संस्था मोरल ग्रुप ऑफ कम्पनीज बस्तर संभाग के कोंडागांव जिले में मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की स्थापना की दिशा में आगे बढ़ रही है। संस्था द्वारा रियल हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड के अंतर्गत पूरे देश में 108 अस्पताल स्थापित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।
मोरल ग्रुप ऑफ कम्पनीज मिशन “अमर” के तहत संस्था द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के उद्देश्य से अस्पतालों का निर्माण किया जा रहा है। बीते कुछ महीनों में देश के विभिन्न स्थानों पर 5 अस्पतालों का भूमिपूजन भी किया जा चुका है। इसी कड़ी में बस्तर संभाग के कोंडागांव जिले को चिन्हांकित किया गया है, जहां शीघ्र ही भूमिपूजन की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। इससे जिले सहित आसपास के क्षेत्रं के नागरिकों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विगत 14 फरवरी को मोरल ग्रुप ऑफ कम्पनीज के सौजन्य से कोंडागांव के ऑडिटोरियम हॉल में मोरल उत्कर्ष सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में सैकड़ों मोरल परिवारजनों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्था के मैनेजिंग डायरेक्टर अजय कुमार शर्मा रहे।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के क्लेम से परिवार को मिला आर्थिक सहयोग
दंतेवाड़ा। साधारण बीमा कराये जाने सभी परिवारों के लिए अनिवार्य हो चला है। इससे हितग्राही परिवार को आर्थिक सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा भी मिलती है जो परिवार का मानसिक सबंल के लिए पर्याप्त होती है। इस क्रम में जिले के ग्राम पंचायत धुरली की निवासी स्वर्गीय पार्वती मरकाम के निधन उपरांत उनके परिवार को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की गई। योजना के अंतर्गत नामांकित हितग्राही भीमा मरकाम को 2 लाख रुपये की बीमा दावा राशि का चेक केनरा बैंक शाखा भांसी द्वारा प्रदाय किया गया।
बस्तर की लोक कलाएं एवं संस्कृति पुस्तक का विमोचन आज
जगदलपुर। बस्तर की समृद्ध लोक परंपराओं, जनजातीय कला और सांस्कृतिक वैभव को राष्ट्रीय पटल पर प्रतिष्ठित करने की दिशा में 21 फरवरी को राजधानी रायपुर में एक महत्वपूर्ण आयोजन होने जा रहा है। शांति नगर स्थित विमतारा सभागार में रुद्र नारायण पाणिग्राही द्वारा लिखित पुस्तक “बस्तर की लोक कलाएं एवं संस्कृति” का विधिवत विमोचन किया जाएगा। यह कृति बस्तर की पारंपरिक लोक कलाओं, रीति-रिवाजों, उत्सवों, जनजातीय जीवन शैली और सांस्कृतिक विरासत का विस्तृत व शोधपरक दस्तावेज प्रस्तुत करती है। पुस्तक पाठकों को बस्तर की गहन सांस्कृतिक आत्मा से परिचित कराते हुए उसकी मौलिक पहचान को समझने का अवसर देगी।
शादी का झांसा देकर 8 साल तक यौन शोषण, आरोपी प्रोफेसर को भेजा जेल
कांकेर। कोड़ेकुर्से थाना पुलिस ने महिला अपराध के एक गंभीर मामले में त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करते हुए शादी का झांसा देकर वर्षों तक शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है और न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया। पुलिस की सक्रियता से पीड़िता को न्याय की उम्मीद मिली है। जानकारी के अनुसार पीड़िता 17 फरवरी को कोड़ेकुर्से थाना पहुंची और लिखित आवेदन देकर बताया कि उसका दूर का रिश्तेदार सतीश कुमार गोटा, पिता मानसिंह गोटा, ग्राम बोगर नदीपारा, भानुप्रतापपुर का निवासी है, जो उसके घर में रहकर वर्ष 2013 से 2021 तक मलेरिया वर्कर का कार्य करता था। युवक की दुर्ग के रिसाली में कॉलेज में प्रोफेसर की नौकरी 2021 में लग गई और वह दुर्ग रिसाली चला गया। आरोपी ने वर्ष 2013 से 2021 के बीच शादी का झांसा देकर लगातार लगभग आठ वर्षों तक पीड़िता का शारीरिक शोषण किया। सामाजिक बदनामी और पारिवारिक दबाव के कारण पीड़िता उस समय किसी को यह बात नहीं बता सकी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को 18 फरवरी को गवाहों के समक्ष विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पीड़िता की शिकायत पर थाना कोड़ेकुर्से में अपराध क्रमांक 02/2026 धारा 376, 376(2)(ढ) भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
कृषि क्षेत्र में एक वर्षीय डिप्लोमा के लिए आवेदन 6 मार्च तक
जगदलपुर। राष्ट्रीय कृषि विस्तार प्रबंधन संस्थान (मैनेज) द्वारा संचालित Diploma in Agricultural EÛtension Services for Input Dealers (DAESI) पाठ्यक्रम अन्तर्गत वर्ष 2025-26 के लिए 01 वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम अन्तर्गत निर्धारित 40 सीटों के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित किये गए है। 01 वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम अन्तर्गत इच्छुक अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन प्रपत्र आवश्यक दस्तावेजों सहित कार्यालय उप संचालक कृषि जगदलपुर में कार्यालयीन समय में जमा करने की अंतिम तिथि 06 मार्च 2026 निर्धारित है। तथा निर्धारित शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 12 मार्च 2026 निर्धारित है पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रथम आओं, प्रथम पाओं के आधार पर किया जाना है आवेदन पत्र कार्यालय उप संचालक कृषि जगदलपुर से प्राप्त किये जा सकते है अथवा https://www.manage.gov.in/daesi/daesi.asp वेबसाइट से भी डाउनलोड किये जा सकते है। उक्त संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी के लिये कार्यालय उपसंचालक कृषि जगदलपुर में संपर्क कर सकते है अथवा राष्ट्रीय कृषि विस्तार प्रबंधन संस्थान (मैनेज) की वेबसाईट https://www.manage.gov.in/daesi/daesi.asp से जानकारी प्राप्त कर सकते है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


