Bastar News Update : दंतेवाड़ा. बारसूर क्षेत्र के हितालकुडुम में बोधघाट परियोजना के खिलाफ एक बार फिर हजारों ग्रामीण एकजुट हो गए. 18 ग्राम पंचायतों के 56 गांवों के लोगों ने साफ कहा कि वे किसी भी कीमत पर अपनी जमीन नहीं देंगे. ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल जमीन का नहीं, बल्कि जल, जंगल, जमीन, संस्कृति और अस्तित्व का सवाल है. बैठक में विस्थापन के सरकारी आंकड़ों पर भी सवाल उठाते हुए दावा किया गया कि परियोजना से 50 हजार तक लोग प्रभावित हो सकते हैं. वक्ताओं ने कहा कि पुनर्वास से उनकी परंपराएं और आस्था वापस नहीं मिल सकती. जनप्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों के आंदोलन को समर्थन दिया. संघर्ष समिति ने चेतावनी दी कि यदि परियोजना को आगे बढ़ाने की कोशिश हुई तो 56 गांवों के लोग 10 दिवसीय धरना और बड़ा जनआंदोलन शुरू करेंगे. पूरे इलाके में बोधघाट परियोजना को लेकर एक बार फिर विरोध की लहर तेज होती दिख रही है.
लौह अयस्क से रिकॉर्ड कमाई, लेकिन यात्री सुविधाओं पर सवाल
बस्तर. बैलाडीला की खदानों से रिकॉर्ड लौह अयस्क ढुलाई के बीच रेलवे की प्राथमिकताओं पर सवाल उठने लगे हैं. पिछले 256 दिनों में 100 मिलियन टन से अधिक माल परिवहन का नया रिकॉर्ड बना, जिसमें सबसे बड़ा हिस्सा बस्तर के लौह अयस्क का रहा. रोजाना बड़ी संख्या में रैक विशाखापट्टनम तक भेजे जा रहे हैं, जिससे रेलवे को करोड़ों रुपये का राजस्व मिल रहा है. इसके बावजूद बस्तर में वर्षों से लंबित यात्री ट्रेनों और रेल सुविधाओं का विस्तार नहीं हो सका है. स्थानीय स्तर पर यह मांग लगातार उठ रही है कि जिस क्षेत्र से रेलवे को सबसे अधिक आय मिल रही है, उसी क्षेत्र को बेहतर यात्री सुविधाएं भी मिलनी चाहिए. माल परिवहन की सफलता के बीच अब विकास के समान वितरण पर बहस तेज हो गई है.
Bastar News Update : अबूझमाड़ के जंगलों के संरक्षण की मांग
नारायणपुर. देश के सबसे बड़े प्राकृतिक वन क्षेत्रों में शामिल अबूझमाड़ में जंगलों की कटाई को लेकर चिंता बढ़ गई है. पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों ने प्रशासन को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि सड़क निर्माण, खेती के विस्तार और अन्य गतिविधियों के नाम पर बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई हो रही है. उनका कहना है कि भूमि सर्वेक्षण पूरा होने से पहले वन क्षेत्र में बदलाव भविष्य में पर्यावरणीय और कानूनी संकट पैदा कर सकता है. अबूझमाड़ को जैव विविधता, जल स्रोत और आदिवासी जीवन का आधार बताते हुए तत्काल निगरानी बढ़ाने, अवैध कटाई रोकने और सर्वे पूरा होने तक संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष नियंत्रण की मांग की गई है. विशेषज्ञों का मानना है कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना अब सबसे बड़ी चुनौती बन गया है.
जमीन विवाद में प्रशासनिक टीम पर हमला, सरपंच समेत कई पर केस
बस्तर. करपावंड में कोर्ट के आदेश पर जमीन का सीमांकन कराने पहुंची प्रशासनिक टीम पर हुए हमले के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है. मामले में सरपंच समेत कई ग्रामीणों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और हमला करने जैसी गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है. हमले में राजस्व विभाग के अधिकारी घायल हुए, जबकि पुलिस और प्रशासन ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित किया. जानकारी के अनुसार संबंधित जमीन विवाद विभिन्न न्यायालयों में पहले ही तय हो चुका था और कब्जा दिलाने की कार्रवाई की जा रही थी. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. प्रशासन का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.
किसान को 10 लाख के कर्ज में फंसाने वाला शातिर गिरफ्तार
बस्तर. नगरनार पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है जिसने एक किसान की अशिक्षा और भरोसे का फायदा उठाकर लाखों रुपये की ठगी कर दी. आरोपी ने बैंक में खाता खुलवाते समय अपना मोबाइल नंबर लिंक कराकर किसान के नाम पर 10 लाख रुपये का केसीसी लोन स्वीकृत करा लिया. किसान को केवल डेढ़ लाख रुपये देकर बाकी रकम खुद हड़प ली. पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब बैंक की ओर से कर्ज नहीं चुकाने पर जमीन नीलामी का नोटिस किसान के घर पहुंचा. शिकायत के बाद पुलिस ने जांच कर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल व एटीएम कार्ड बरामद किए. पुलिस लोगों से बैंकिंग दस्तावेजों और मोबाइल नंबर लिंक कराने में सतर्क रहने की अपील कर रही है.
पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘ट्री मैन’ सम्मान से नवाजे गए समाजसेवी
बस्तर. बस्तर के पर्यावरण संरक्षण प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है. समाजसेवी एवं पर्यावरण प्रेमी सम्पत झा को राज्यपाल द्वारा “ट्री मैन” सम्मान से सम्मानित किया गया. उन्हें यह सम्मान वर्षों से चलाए जा रहे वृक्षारोपण और पौध संरक्षण अभियान के लिए दिया गया. उनके प्रयासों से हजारों लोग पर्यावरण संरक्षण से जुड़ चुके हैं. सम्मान समारोह में उनके कार्यों की सराहना करते हुए प्रकृति संरक्षण को समाज की साझा जिम्मेदारी बताया गया. बस्तर में हरियाली बढ़ाने की दिशा में किए गए इस योगदान को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

Bastar News Update : शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
कोंडागांव. केशकाल पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोप है कि आरोपी युवती को रोजगार दिलाने के बहाने दूसरे राज्य ले गया और शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. पीड़िता के गर्भवती होने के बाद आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गया और बाद में शादी से भी इनकार कर दिया. शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया. पुलिस ने महिलाओं से ऐसे मामलों में तत्काल शिकायत करने की अपील की है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

