Bastar News Update: स्तर में मानसून के साथ मलेरिया के मामलों में तेजी दर्ज की जा रही है। पिछले 48 घंटों में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 60 मरीज भर्ती हुए हैं। इनमें कई मरीजों की हालत गंभीर होने पर आईसीयू में उपचार जारी है। संक्रमण बच्चों तक भी पहुंच चुका है और शिशु वार्ड में भी मरीज भर्ती हैं। दरभा, नानगुर, लोहंडीगुड़ा और वनांचल क्षेत्रों से लगातार मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बुखार को सामान्य वायरल समझकर नजरअंदाज नहीं करने और समय पर जांच कराने की अपील की है।

फर्जी नंबर प्लेट लगाकर गांजा तस्करी, 223 किलो गांजा के साथ तीन गिरफ्तार
सुकमा। कोंटा पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से 223 किलो गांजा जब्त किया है। मामले में राजस्थान के तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि पुलिस को भ्रमित करने के लिए वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। इंजन और चेसिस नंबर के मिलान के बाद वाहन का वास्तविक पंजीयन सामने आया। पूछताछ में आरोपियों ने ओडिशा सीमा से गांजा खरीदकर राजस्थान ले जाने की जानकारी दी है। पुलिस ने कार, मोबाइल और नकदी भी जब्त कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है।
नक्सलियों के पुराने नेटवर्क पर वार, जंगल से 297 जिंदा कारतूस बरामद
नारायणपुर। नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों ने ओरछा क्षेत्र के जंगल में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों का एक डंप बरामद किया है। कार्रवाई में 297 जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं, जिनमें अलग-अलग बोर के कारतूस शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जंगलों में छिपाए गए हथियार और गोला-बारूद की तलाश लगातार जारी है। ग्रामीणों से किसी भी संदिग्ध वस्तु या हथियार की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
बस स्टैंड की नई व्यवस्था के विरोध में ऑटो चालकों की हड़ताल
सुकमा। जिला मुख्यालय में बस स्टैंड की नई व्यवस्था को लेकर ऑटो चालकों ने हड़ताल शुरू कर दी है। प्रदर्शन के कारण यात्रियों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऑटो चालकों का कहना है कि वर्षों से वे निर्धारित स्थान से सवारी उठा रहे थे, लेकिन अब उन्हें बस स्टैंड के पीछे खड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे उनकी आय प्रभावित होगी। उन्होंने स्थायी ऑटो स्टैंड की व्यवस्था और पुराने स्थान से संचालन की अनुमति की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि बस स्टैंड में बढ़ती भीड़ और जाम को नियंत्रित करने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। प्रशासन और ऑटो यूनियन के बीच समाधान के लिए बातचीत की उम्मीद है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


