इमरान खान, खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा में बलराम कृषि महोत्सव 2026 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश के 82 लाख से अधिक किसानों के खातों में 3300 करोड़ की राशि ट्रांसफर की। खंडवा के लिए नई बटालियन की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि जिला संवेदनशील श्रेणी में शामिल है। साथ ही लंबे समय से लंबित खंडवा – मूंदी मार्ग का टेंडर 15 सितंबर तक जारी करने की बात कही। खंडवा को भोपाल से जोड़ने वाले इस लगभग 35 किमी खस्ताहाल हो चुके रोड के नए सिरे से निर्माण की मांग है।
भारत-पाकिस्तान का बंटवारा हुआ
खंडवा के बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार कृषि कल्याण वर्ष के तहत “बलराम वर्ष” मना रही है। लेकिन, कांग्रेस इस पर भी सवाल उठाती है। मुख्यमंत्री ने खिलाफत आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि आजादी से पहले कांग्रेस ने तुर्की के खलीफा के समर्थन में चले आंदोलन का साथ दिया और हिंदू-मुस्लिम राजनीति को बढ़ावा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी राजनीति के कारण देश के विभाजन की परिस्थितियां बनीं और भारत-पाकिस्तान का बंटवारा हुआ।
कांग्रेस ने आजादी की लड़ाई को भी कलंकित किया
उन्होंने कहा कि यदि इस विभाजन का पाप किसी के सिर पर है तो वह कांग्रेस के सिर पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 15 अगस्त को पूरा देश तिरंगा फहराएगा और सभी को उन क्रांतिकारियों के बलिदान को याद रखना चाहिए, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने आजादी की लड़ाई को भी कलंकित करने का काम किया।
उन्नतशील किसानों का सम्मान
खंडवा के मंच से सीएम डॉ मोहन यादव ने किसानों को दिन में बिजली देने, अगले महीने से प्रदेश सरकार की बस सेवा फिर शुरू करने और दूध उत्पादन में 20 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य रखे जाने की बात कही। उन्होंने उन्नतशील किसानों और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का सम्मान किया तथा खेल जगत में बेहतर प्रदर्शन के लिए मीराबाई चानू और वैभव सूर्यवंशी की सराहना की। अपने संबोधन में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने विकास नहीं होने दिया।
एक समान कानून जरूरी
बताया कि सिंहस्थ की तैयारियों के तहत ओंकारेश्वर में ₹3500 करोड़ के विकास कार्य चल रहे हैं। सीएम डॉ मोहन ने कहा कि युवा आईएएस – आईपीएस,डॉक्टर, इंजीनियर बनना चाहते हैं। लेकिन, उन्हें उन्नत खेती के बारे में भी सोचना चाहिए। UCC का जिक्र करते हुए कहा कि हमने MP में भी इसे लागू कर दिया है। एक समान कानून जरूरी है। मंच पर कैबिनेट मंत्री विजय शाह, मांधाता विधायक नारायण पटेल, पंधाना विधायक छाया मोरे, महापौर अमृता यादव सहित जनप्रतिनिधि और अफसर मौजूद रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


