Battle for Blouse In Anantapur of Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले से एक अजीब मामला सामने आया है। अनंतपुर जिले के जोन्नागिरी गांव में एक ब्लाउज के लिए महासंग्राम हो गया। ब्लाउज को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। ब्लाउज के लिए पहले महिलाओं के बीच संग्राम हुआ। इसके बाद फिर पुरुषों ने भी जमकर एक दूसरे पर लाठियां भांजी। दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुई मारपीट में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दरअसल गांव में रहने वाली सुकुलम्मा नाम की महिला ने चार ब्लाउज धोकर घर के बाहर सूखने के लिए डाली थी। कुछ समय बाद जब वह उन्हें लेने पहुंची तो ब्लाउज वहां नहीं मिले। इसके बाद उसने आसपास तलाश शुरू की। इसी दौरान उसे पड़ोस में रहने वाली शांता और नंदिनी के घर में अपने ब्लाउज दिखाई दिए। यहीं से विवाद शुरू हो गया।

सुकुलम्मा ने जब अपने ब्लाउज वापस मांगे तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह मामूली बहस झगड़े में बदल गई। कुछ ही देर में सुकुलम्मा के भाई लक्ष्मण और रामू भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने पड़ोसी परिवार से बहस शुरू कर दी। बात बढ़ती गई और दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ गया। इसके बाद स्थिति और ज्यादा बिगड़ गई, जब शांता और नंदिनी के पक्ष से उनके परिवार के सदस्य चिन्नवीरप्पा, उरुकुंदु, चिन्नी और वंशी भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाठियों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

दोनों परिवारों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई

हमले में लक्ष्मण और रामू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के सिर पर गहरी चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें तुरंत गुत्ती सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गयाय़। घटना के बाद दोनों परिवारों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m