चंडीगढ़। ब्यास सत्संग जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे की और से बड़ी खुशखबरी है। ब्यास जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने सितंबर में दो विशेष ट्रेन चलने का फैसला किया है। ये ट्रेनें हजरत निजामुद्दीन-ब्यास और सहारनपुर-ब्यास के बीच चलेंगी। अंबाला मंडल से गुजरने वाली इन ट्रेनों से हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

रेलवे के अनुसार, हजरत निजामुद्दीन-ब्यास स्पेशल ट्रेन (04451/04452) निजामुद्दीन से ब्यास के लिए 3 सितंबर को रवाना होगी, जबकि वापसी में ब्यास से निजामुद्दीन के लिए 6 सितंबर को चलेगी। इस ट्रेन का अंबाला कैंट स्टेशन पर स्टॉपेज निर्धारित किया गया है।

वहीं, सहारनपुर-ब्यास स्पेशल ट्रेन (04565/04566) सहारनपुर से ब्यास के लिए 11 और 18 सितंबर को चलेगी। वापसी में यह ट्रेन ब्यास से सहारनपुर के लिए 13 और 20 सितंबर को चलेगी।

इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
सहारनपुर-ब्यास स्पेशल ट्रेन के यमुनानगर-जगाधरी, जगाधरी वर्कशॉप, अंबाला कैंट, साहनेवाल, लुधियाना और जालंधर सिटी स्टेशनों पर स्टॉपेज निर्धारित किए गए है। इससे इन क्षेत्रों से ब्यास सत्संग में जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधी रेल सुविधा का लाभ मिल सकेगा।

उत्तर रेलवे ने बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए इन विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। श्रद्धालुओं के लिए यह व्यवस्था नियमित ट्रेनों में भीड़ के बीच यात्रा को कुछ हद तक आसान बनाने में मददगार होगी।