सोनीपत: पंचायत चुनाव जीतकर सरपंच बनी सोनीपत की एक महिला के सामने अब कुर्सी चली जाने के बाद कानूनी मुश्किलें भी खड़ी हो गई हैं। प्रशासनिक जांच में उसका 8वीं कक्षा का शैक्षणिक प्रमाणपत्र फर्जी पाए जाने के बाद जागसी सूरा (काला काफ़ी) गांव की सरपंच कोमल को पद से बर्खास्त कर दिया गया है।

कोमल ने गांव में अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित सरपंच पद पर चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। नामांकन के समय उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता के तौर पर उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गांव गुना स्थित भगवती इंटरनेशनल हाई स्कूल का 8वीं कक्षा का प्रमाणपत्र लगाया था।

चुनाव के बाद इसी प्रमाणपत्र की वैधता पर सवाल उठाते हुए शिकायत की गई। शिकायत मिलने पर प्रशासन ने दस्तावेज की पड़ताल कराई और संबंधित स्कूल व शिक्षा विभाग से उसका सत्यापन कराया। जांच में प्रमाणपत्र रिकॉर्ड से मेल नहीं खाया और उसे जाली घोषित कर दिया गया।

जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद सोनीपत उपायुक्त ने मामले में कार्रवाई करते हुए हरियाणा पंचायती राज अधिनियम के तहत कोमल की सरपंच पद से सदस्यता समाप्त कर दी। प्रशासन के आदेश के साथ ही जागसी सूरा गांव में सरपंच का पद रिक्त हो गया है।

चुनाव जीतने के लिए लगाया था प्रमाणपत्र

पंचायत चुनाव में उम्मीदवार बनने के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता पूरी करने के उद्देश्य से कोमल की ओर से यह प्रमाणपत्र नामांकन के दौरान प्रस्तुत किया गया था। लेकिन चुनाव के बाद हुई जांच में प्रमाणपत्र फर्जी निकलने से उनका चुनाव जीतना ही विवादों के घेरे में आ गया।

अब प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद गांव में नए सरपंच के चुनाव या पद भरने की प्रक्रिया को लेकर आगामी कदम उठाया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m  

भौगोलिकसंदर्भ