कमल वर्मा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में एक युवक मोबाइल टावर पर फंस गया। जिससे अफरा-तफरी मच गई। करीब 60 मीटर ऊंचे टावर पर फंसे युवक बंटी रजक को फायर ब्रिगेड की टीम ने एक घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित नीचे उतार लिया। दअरसल पीड़ित युवक बंटी रजक एक टेलीकॉम कंपनी में टावर मेंटेनेंस का काम करता है। वह सम्राट मैरिज गार्डन के पास स्थित मोबाइल टावर पर मरम्मत कार्य का काम कर रहा था। तभी इस दौरान वह मधुमक्खियों के छत्ते के पास जा पहुंचा।
इस दौरान मधुमक्खियों ने अचानक से हमला बोल दिया। हमले से बचने के लिए बंटी घबराकर टॉवर से नीचे उतरने की बजह ओर ऊपर चढ़ गया। लेकिन अधिक ऊंचाई और संतुलन बिगड़ने से वह वहां पर फंस गया। नीचे मौजूद लोगों ने मदद के लिए पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी।
फायर विभाग के नोडल अधिकारी रजनीश गुप्ता के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड और विद्युत शाखा की टीम स्काई लिफ्ट और फायर एंट्री सूट पहनकर मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्क के बाद टीम ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी और युवक को प्राथमिक उपचार भी दिया गया और एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

