बेगूसराय। जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र के धनकौल गांव में पांच साल के मासूम मो. सुफियान की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अपहरण के कई दिनों बाद उसका क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है। न्याय की आस में अब मृतक की मां ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है।

​बलान नदी के पास मिला था क्षत-विक्षत शव

​जानकारी के मुताबिक, पांच साल का मो. सुफियान 17 सितंबर को अचानक लापता हो गया था, जिसके बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कई दिनों की तलाश के बाद 22 सितंबर को गांव के पास ही बलान नदी के बांध के पास झाड़ियों से उसका शव बरामद हुआ। हत्यारों की हैवानियत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मासूम का सिर धड़ से अलग कर दिया गया था। इसके अलावा उसके दोनों पैर, कलाई और चेहरे को भी तेजाब से बुरी तरह जला दिया गया था ताकि उसकी पहचान न हो सके।

​कातिलों को फांसी से कम कुछ मंजूर नहीं

​घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है, जिससे आहत मां ने रविवार रात से घर के बाहर भूख हड़ताल शुरू कर दी है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि जब तक पुलिस दरिंदों को गिरफ्तार नहीं करती, वह अन्न का एक दाना भी नहीं लेंगी। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही खराब है, पिता गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और परदेस में मजदूरी करने वाले इस परिवार की किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी।

​पुलिस पर बरसीं मां, विधायक ने दिया आश्वासन

​परिजनों ने स्थानीय पुलिस पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। मां का कहना है कि अगर पुलिस ने पहले दिन से संजीदगी दिखाई होती, तो हत्यारे अब तक सलाखों के पीछे होते। हालांकि, स्थानीय विधायक ने मौके पर पहुंचकर दो से तीन दिन में कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कातिलों को फांसी की सजा देने की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।