बेगूसराय। जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत धनकौल गांव में पांच दिनों से लापता पांच साल के एक मासूम बच्चे का शव मिलने से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है। हैरानी की बात यह है कि जब बच्चे का शव मिला, तो उसका सिर, एक हाथ और एक पैर गायब था। इस अमानवीय घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बरौनी-भगवानपुर मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया।

​पांच दिनों से लापता था मासूम सुफियान

​मृतक मासूम की पहचान धनकौल गांव निवासी मोहम्मद शकील के 5 वर्षीय बेटे सुफियान के रूप में हुई है। सुफियान चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गत 17 सितंबर की शाम करीब 4 बजे वह घर के बाहर खेलने की बात कहकर निकला था। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तब परिजनों ने तेघड़ा थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस और परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे।

​कब्रिस्तान के पास झाड़ियों में मिला शव

​मंगलवार की दोपहर जब कुछ ग्रामीण धनकौल गांव में कब्रिस्तान के पास बलान नदी के किनारे से गुजर रहे थे, तब उन्हें वहां से एक तीव्र दुर्गंध महसूस हुई। शक होने पर जब वे झाड़ियों के पास पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए। वहां एक बच्चे का बुरी तरह सड़ा हुआ और क्षत-विक्षत शव पड़ा हुआ था। घटना की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने देखा कि शव का सिर, एक हाथ और एक पैर गायब था।

​कपड़ों से हुई पहचान, पुलिस और FSL टीम सक्रिय

​सूचना मिलते ही सुफियान के परिजन मौके पर पहुंचे और घटनास्थल पर मिले कपड़ों (हाफ पैंट और टी-शर्ट) के आधार पर शव की शिनाख्त सुफियान के रूप में की। घटना की गंभीरता को देखते हुए तेघड़ा थाने की पुलिस, स्थानीय डीएसपी और बेगूसराय के एसपी मनीष तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया है। पुलिस आसपास के इलाकों में गहन सर्च अभियान चला रही है।

​परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

​मासूम की मां शबाना खातून ने बताया कि वे मूल रूप से दिल्ली में रहती हैं। उनके पति भी वहीं काम करते थे, लेकिन पति की तबीयत खराब होने के कारण वे तीन महीने पहले बच्चे के साथ गांव आई थीं। मां ने रोते हुए बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी या रंजिश नहीं थी। फिलहाल, पुलिस हत्या के तमाम पहलुओं को ध्यान में रखते हुए बारीकी से जांच कर रही है और जल्द ही इस जघन्य अपराध का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।