बेगूसराय। जिले से नावकोठी थाना क्षेत्र में बूढ़ी गंडक नदी से एक युवक और एक युवती के शव बरामद किए गए हैं। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों के बीच प्रेम-प्रसंग में ऑनर किलिंग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पुलिस इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुट गई है।

​स्नान करने गए लोगों ने देखा शव

​गुरुवार को काली स्थान के पास श्रीलाल साह डेरा के समीप नदी में स्नान करने पहुंचे स्थानीय लोगों ने पानी में दो शव तैरते हुए देखे। जब ग्रामीण पास गए तो उनके होश उड़ गए, क्योंकि वहां एक युवक और एक युवती का शव था। युवती का शव अर्ध-नग्न अवस्था में मिला, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

​आधार कार्ड से हुई युवक की पहचान

​सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। जांच के दौरान मृतक युवक की जेब से एक आधार कार्ड, मोबाइल फोन, बाइक की चाबी और कुछ नकदी बरामद हुई। आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत निजामत गांव निवासी अर्जुन साह के 22 वर्षीय बेटे रोशन कुमार के रूप में हुई।
​इसके बाद पुलिस ने तुरंत उसके परिजनों से संपर्क किया। परिजनों ने बताया कि रोशन के भाई राजीव कुमार ने दो दिन पहले ही समस्तीपुर के मुफस्सिल थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत (सनहा) दर्ज कराई थी।

​100 मीटर की दूरी पर मिले दोनों शव और टैटू से सुराग

​दिल दहला देने वाली इस घटना में दोनों शव एक-दूसरे से करीब 100 मीटर की दूरी पर मिले। मृतका की पहचान के संबंध में एक अहम सुराग उसके हाथ पर मिला है। युवती के दाएं हाथ पर ‘फूलवती देवी, पति रूदल सहनी’ नाम का टैटू गुदा हुआ है।
​फिलहाल, पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वैज्ञानिक तथा तकनीकी अनुसंधान की मदद से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह हत्या है या आत्महत्या और इसके पीछे असली वजह क्या है।