बेगूसराय। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गढ़हारा थाना क्षेत्र के बीहट नगर परिषद (वार्ड-18) में 21 वर्षीय शबनम कुमारी का शव उसके ससुराल के कमरे में फंदे से लटका पाया गया। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर 10 लाख रुपये दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

​तीन साल पहले हुई थी लव मैरिज

​मृतका शबनम कुमारी, चकबल गांव के मिथिलेश पासवान की पुत्री थी। पढ़ाई के दौरान उसे पास के ही गढ़हारा गांव के आयुष कुमार से प्रेम हो गया था। करीब तीन साल पहले शबनम ने सामाजिक बंधनों को तोड़कर आयुष के साथ अंतर्जातीय प्रेम विवाह किया था। हालांकि, उस समय लड़की के पिता ने प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी, लेकिन बाद में आपसी सहमति से शबनम अपने ससुराल में ही रहने लगी थी। शादी के बाद से ही उसका अपने मायके वालों से संपर्क लगभग टूटा हुआ था।

​संदिग्ध हालात में मिला शव, पति गिरफ्तार

​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। कमरा अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर पुलिस जब भीतर दाखिल हुई तो शबनम का शव पंखे से लटके दुपट्टे के फंदे से झूल रहा था। परिजनों का दावा है कि शबनम के पैर जमीन से सटे हुए थे, जो हत्या की ओर इशारा करते हैं। पुलिस ने मौके से आरोपी पति आयुष कुमार को हिरासत में ले लिया है, जबकि वार्ड पार्षद सास बबीता देवी और ससुर अरुण रजक फरार बताए जा रहे हैं।

​पंखे से लटकाने के बाद वेंटिलेशन से भागे हत्यारे

​शबनम के पिता मिथिलेश पासवान ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या सोची-समझी साजिश के तहत की गई है। उन्होंने बताया कि शबनम पढ़ाई में काफी होनहार थी; उसने 2022 में सीबीएसई से 10वीं प्रथम श्रेणी से पास की थी और वर्तमान में एपीएसएम कॉलेज बरौनी में ग्रेजुएशन पार्ट-1 की छात्रा थी। पिता का आरोप है कि ससुराल वाले 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि हत्या करने के बाद आरोपियों ने शव को फंदे से लटकाया और कमरे को अंदर से बंद कर वेंटिलेशन के रास्ते फरार हो गए, जिसके निशान वहां मौजूद हैं।

​पुलिस की कार्रवाई और जांच

​गढ़हारा थानाध्यक्ष जितेंद्र राम ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल, पति से पूछताछ जारी है और फरार परिजनों की तलाश की जा रही है।