बेगूसराय। जिले के मंसूरचक थाना क्षेत्र की एक युवती ने अपने ही दूर के रिश्तेदार पर शादी का झांसा देकर महीनों तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। आरोपी ने नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा।
रिश्तेदारी का फायदा उठाकर बुझा जाल
पीड़िता के अनुसार, समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के बम्बैया गांव निवासी श्यामलाल महतो उसका दूर का रिश्तेदार है। रिश्तेदारी की आड़ में आरोपी ने युवती से नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का भरोसा देकर अपने जाल में फंसा लिया। परिवार का कोई भी सदस्य उस पर शक नहीं करता था, क्योंकि वह अक्सर उनके घर आता-जाता रहता था।
कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर किया दुष्कर्म
आरोपी ने 26 जून की शाम को युवती को जबरन कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। होश आने पर आरोपी ने शादी का नाटक किया और बदनामी का डर दिखाकर उसे चुप करा दिया। इसके बाद आरोपी ने पहली घटना का अश्लील वीडियो बना लिया और उसी वीडियो के आधार पर लगातार ब्लैकमेल करने लगा।
परिजनों के विरोध पर दी जान से मारने की धमकी
जब आरोपी ने शादी से इनकार किया, तो पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पूरी बात अपने परिजनों को बताई। इसके बाद पीड़िता का परिवार समस्तीपुर स्थित आरोपी के घर पहुंचा। वहां आरोपी के माता-पिता (देवेन्द्र महतो और बुलबुल देवी) तथा भाई (हीरालाल महतो) ने सुलह करने के बजाय परिजनों के साथ गाली-गलौज की और आरोपी को भगा दिया।
पुलिस और न्याय व्यवस्था को चुनौती
आरोपी पक्ष लगातार पीड़िता को धमकी दे रहा है कि यदि मामला आगे बढ़ाया गया, तो उसकी हत्या कर दी जाएगी। आरोपियों का कहना है कि वे पैसे के दम पर थाने से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक के सिस्टम को मैनेज कर लेंगे। इस संबंध में मंसूरचक थानाध्यक्ष से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

