बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय शहर में एक होटल के कमरे में युवती को बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट करने और दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। घटना नगर थाना क्षेत्र में एनएच किनारे स्थित एक होटल की बताई जा रही है। आरोप है कि युवक ने युवती के साथ मारपीट करने के दौरान उसका वीडियो भी बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़े तीन वीडियो सामने आने की बात कही जा रही है। वीडियो में एक युवक युवती के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। वह कथित तौर पर चप्पल और लात-घूंसों से युवती को पीट रहा है। युवती लगातार रोती और खुद को छोड़ने की गुहार लगाती नजर आ रही है। वीडियो में युवक द्वारा युवती के बाल पकड़कर खींचने और गाली-गलौज करने का भी आरोप है।

टेबल पर मोबाइल रखकर बनाया वीडियो

आरोप है कि युवक ने कमरे में मौजूद टेबल पर अपना मोबाइल फोन रखकर मारपीट की पूरी घटना रिकॉर्ड की। इसके बाद युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने का भी आरोप है। घटना का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है।

पहचान के युवक ने होटल तक पहुंचाया

पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, घटना 27 सितंबर की है। उस दिन युवती किसी काम से घर से बाहर निकली थी। आरोप है कि इसी दौरान पहचान का एक युवक उसे बहला-फुसलाकर बाइक पर बैठाकर नगर थाना क्षेत्र में एनएच किनारे स्थित होटल ले गया। बताया जा रहा है कि होटल पहुंचने के बाद युवती को एक अन्य युवक रोहित कुमार के पास छोड़ दिया गया। रोहित कुमार भगवानपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। आरोप है कि इसके बाद रोहित युवती को जबरन होटल के एक कमरे में ले गया और दरवाजा अंदर से बंद कर दिया।

कमरे में बंद कर मारपीट का आरोप

आरोप के मुताबिक, कमरे का दरवाजा बंद करने के बाद रोहित कुमार ने युवती के साथ बेरहमी से मारपीट की। युवती ने खुद को बचाने का प्रयास किया और आरोपी से छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन वह नहीं रुका। मारपीट के बाद दुष्कर्म किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। किसी तरह युवती आरोपी के चंगुल से बाहर निकलने में सफल हुई। इसके बाद 28 सितंबर की देर शाम वह नगर थाना पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

नगर थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु ने बताया कि युवती के साथ होटल के कमरे में मारपीट और प्रताड़ना की घटना की शिकायत मिली है। घटना से संबंधित वीडियो भी पुलिस के हाथ लगा है। पुलिस ने आरोपी रोहित कुमार के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है।आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

होटल प्रबंधन की भूमिका भी जांच के घेरे में

घटना के बाद होटल प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब होटल में दर्ज एंट्री, रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। इसके अलावा होटल में मौजूद कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि होटल में कमरा किस प्रक्रिया के तहत दिया गया था और क्या उस दौरान पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किया गया था। साथ ही पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कमरे से किसी तरह की आवाज या विवाद की जानकारी होटल कर्मचारियों को हुई थी या नहीं। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।