बेगूसराय। जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के मुसेचक गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान शंकर पंडित के 35 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है। रविवार शाम को हुए इस जानलेवा हमले में घायल अमित ने सोमवार को पटना में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की खबर सुनते ही पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

​सालों पुराना है जमीनी विवाद

जानकारी के अनुसार, शंकर पंडित का अपने पड़ोसी बाल्मिकी पंडित के साथ एक कट्ठा तेरह धूर जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। जमीन का यह मामला फिलहाल न्यायालय में लंबित है और इसका ट्रायल चल रहा है। कोर्ट में मामला होने के बावजूद पड़ोसी लगातार रंजिश पाले हुए थे, जिसका खूनी अंजाम रविवार की शाम को देखने को मिला।

​अकेले पाकर किया जानलेवा हमला

घटना रविवार शाम करीब 5 बजे की है। उस समय गांव में शिव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूजा और कथा का आयोजन हो रहा था, जिसके कारण गांव के अधिकांश लोग वहां गए हुए थे। गांव को खाली और शंकर पंडित को घर के आगे अकेला पाकर बाल्मिकी पंडित और उसके परिवार के 6-7 सदस्यों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।

​पिता की ढाल बना बेटा, हमलावरों ने दिखाई हैवानियत

अपने पिता को पिटता देख अमित कुमार तुरंत उन्हें बचाने के लिए दौड़ा। लेकिन हमलावरों ने शंकर पंडित को छोड़कर अमित को पकड़ लिया और उस पर टूट पड़े। हमलावरों ने ईंट, खंती और अन्य घातक हथियारों से अमित पर तब तक ताबड़तोड़ प्रहार किए, जब तक वह लहूलुहान होकर बेहोश नहीं हो गया। जब अमित बेसुध हो गया, तो हमलावर उसे मरा हुआ समझकर वहां से फरार हो गए।

​इलाज के दौरान पटना में मौत, पुलिस की कार्रवाई

परिजनों ने आनन-फानन में बेहोश अमित को पहले बलिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उसे बेगूसराय रेफर किया गया। बेगूसराय के डॉक्टरों ने भी स्थिति नाजुक पाकर उसे पटना (PMCH) भेज दिया, जहां सोमवार को उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजीव कुमार और बलिया इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी मनीष ने बताया कि मृतक के पिता के बयान पर 6 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी महिला मीना देवी को हिरासत में ले लिया है, जबकि डीएसपी के नेतृत्व में बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।