बेगूसराय। जिले के मटिहानी थाना क्षेत्र स्थित सैदपुर गांव के जामिया अरबिया नूरुल उलेमा मदरसे में पढ़ने वाले 16 वर्षीय छात्र मोहम्मद सैफ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लाइब्रेरी के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक छात्र की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सांझ तरैया निवासी मोहम्मद शाहिद के बेटे मोहम्मद सैफ के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और हर कोई हैरान है।

​मुंह पर टेप और चौंकाने वाले हालात

​इस घटना का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह है कि जब छात्र का शव फंदे से झूलता हुआ मिला, तब उसके मुंह पर चौड़ा सादा टेप पूरी तरह से चिपका हुआ था। ग्रामीणों और जानकारों के बीच यह चर्चा है कि मुंह पर टेप इसलिए लगाया गया होगा ताकि आत्महत्या करते वक्त उसकी चीख या आवाज कमरे से बाहर न जा सके। शनिवार देर रात करीब एक बजे मदरसे में मौजूद मौलाना ने ग्रामीणों और छात्र के परिजनों को इस अनहोनी की सूचना दी। मृतक का भाई ने बताया कि जिस लाइब्रेरी के कमरे में शव मिला, वहां बच्चे पढ़ाई करते और किताबें याद करते थे।

​उर्दू में लिखा सुसाइड नोट बरामद

​घटनास्थल से पुलिस ने उर्दू में लिखा हुआ दो पेज का एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। इस नोट में छात्र ने अपना नाम, पिता का नाम और घर का पता लिखने के साथ-साथ कई मौलवियों के नाम भी दर्ज किए हैं।
​सुसाइड नोट में लिखा गया है:

​मैं आप सभी से माफी मांगता हूं। जिंदगी से हार गया हूं, इसलिए खुद से आत्महत्या कर रहा हूं। आप सभी लोग मेरे लिए दुआ कर देना, मुझे माफ कर देना। जिस किसी को भी मेरा कुछ राज मालूम हो, वह राज किसी को मत बताना।

​मां का रो-रोकर बुरा हाल

​चार भाइयों और एक बहन में सैफ चौथे नंबर पर था। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और मां हसीना खातून का रो-रोकर बुरा हाल है। मां ने बताया कि सैफ गत 23 जुलाई को घर आया था और कह रहा था कि उसका दिल घबरा रहा है। मां के रोकने के बावजूद वह 28 जुलाई की शाम करीब चार बजे वापस मदरसे लौट गया था, जहां यह खौफनाक हादसा हो गया।

​पुलिस कर रही हर पहलू से जांच

​ग्रामीणों के अनुसार, सैदपुर गांव का यह आवासीय मदरसा स्थानीय लोगों के सहयोग से चलता है, जहां सहरसा, दरभंगा, लखीसराय और बेगूसराय समेत कई जिलों के 250 से 300 गरीब परिवारों के बच्चे तालीम हासिल करते हैं। मदरसे में 5 से 6 मौलाना बच्चों को पढ़ाते हैं।
​मटिहानी थानाध्यक्ष चंद्रकांत कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। सुसाइड नोट और घटनास्थल से मिले सभी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों और वास्तविक स्थिति का पूरी तरह से खुलासा हो सकेगा।