बेगूसराय। जिले के रुदौली गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान 26 वर्षीय मनीषा कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी पति राजू सहनी अपनी 5 साल की बेटी को लेकर फरार हो गया, जबकि उसका 3 साल का बेटा अपनी मां के शव के पास रोता हुआ पाया गया।

​रंगे हाथों पकड़े जाने पर उतारा मौत के घाट

​परिजनों के अनुसार, मनीषा और राजू की लव मैरिज 8 साल पहले हुई थी। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन राजू का गांव की ही एक युवती के साथ अवैध संबंध शुरू हो गया। मनीषा ने कई बार इसका विरोध किया, जिसके कारण उसे शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ती थी। रविवार रात करीब 11 बजे, मनीषा ने अपनी सास के साथ मिलकर राजू को उस लड़की के घर रंगे हाथों पकड़ लिया। इसी बात से आक्रोशित होकर राजू ने घर लौटकर मनीषा के साथ बुरी तरह मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

​देख रही थी शिक्षिका बनने का सपना

​मनीषा के भाई चंदन और बहन दीपा ने बताया कि वह काफी शिक्षित थी। उसने हाल ही में अपनी बीएड (B.Ed) की पढ़ाई पूरी की थी और शिक्षिका बनने की तैयारी कर रही थी। वह अपने बच्चों के भविष्य के लिए पति के जुल्मों को सह रही थी। परिजनों का आरोप है कि राजू शराब के अवैध धंधे में भी संलिप्त था और अक्सर नशे में धुत्त होकर मनीषा को पीटता था।

​साजिश या आत्महत्या?

​वारदात को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश भी की गई। कमरे की छत पर फंदा लटका मिला, लेकिन मनीषा की लाश बेड पर पड़ी थी। भाई चंदन ने बताया, “अगर उसने फांसी लगाई होती तो शव लटका मिलता, लेकिन लाश बेड पर थी। शरीर पर चोट के निशान थे, आंख जख्मी थी और कपड़े फटे हुए थे।” पुलिस के पहुंचने से पहले ही ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार हो गए।

​रिश्तेदारों के जरिए दी जा रही है धमकी

​मृतका के भाई ऋषभ ने गंभीर आरोप लगाया है कि हत्या के बाद अब राजू अपने रिश्तेदारों के जरिए परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहा है। वर्तमान में पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।